परीक्षा देकर घूमने गया था युवक, एक सेल्फी ने छीन ली जिंदगी
ITI परीक्षा देने धनबाद पहुंचे गिरिडीह के 22 वर्षीय युवक की भटिंडा फॉल में सेल्फी लेने के दौरान फिसलकर डूबने से मौत हो गई। करीब तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद शव बरामद किया गया।


गिरिडीह: धनबाद के मशहूर भटिंडा फॉल में शुक्रवार को एक बेहद दुखद घटना घटी, जिसमें गिरिडीह के 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। खबरों के मुताबिक, युवक फॉल के पास सेल्फी लेते समय फिसल गया और तेज बहाव में बहकर गहरी खाई में चला गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मेहनत के बाद लगभग तीन घंटे बाद उसका शव निकाला गया। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के पिपराडीह निवासी लक्ष्मण पंडित के 22 वर्षीय बेटे ओमप्रकाश पंडित के रूप में हुई है।
ITI की परीक्षा देने धनबाद आया था युवक
जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश पंडित शुक्रवार को ITI की परीक्षा देने धनबाद आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद, वह अपने फुफेरे भाई के साथ मुनीडीह थाना क्षेत्र में भटिंडा फॉल घूमने गया। बताया जा रहा है कि फॉल के पास दोनों फोटो और सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक ओमप्रकाश का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, उसके फुफेरे भाई ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव इतना ज्यादा था कि वह सफल नहीं हो सका। पल भर में ओमप्रकाश गहरे पानी में बहकर खाई की ओर चला गया। घटना की सूचना मिलते ही मुनीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से लगभग तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद PMCH भेज दिया है। जैसे ही हादसे की खबर परिवार को मिली, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर से हमें याद दिलाती है कि पर्यटन स्थलों पर सेल्फी लेते समय लापरवाही कितनी खतरनाक हो सकती है। प्रशासन बार-बार पर्यटकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जोखिम भरे स्थानों पर सेल्फी न लेने की अपील करता रहा है।
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू और संतोष तरवे की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

₹266 की यूरिया ₹380 में! कमजोर मानसून के बीच किसानों पर महंगी खाद की दोहरी मार

पलामू: जर्जर ट्रांसफॉर्मर बना मौत का खतरा! क्या 'Strict Liability' के तहत बच सकता है बिजली विभाग? जानिए कब बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों पर लागू हुई IPC की धारा 304 व 304A







