5 साल पुराना केस और पुलिस का तगड़ा एक्शन, TPC एरिया कमांडर और उसका साथी गिरफ्तार
झारखंड के हज़ारीबाग जिले में पुलिस ने उग्रवादियों और अपराधियों के खिलाफ एक बेहद बड़ी सफलता हासिल की है।

Hazaribagh: झारखंड के हज़ारीबाग जिले में पुलिस ने उग्रवादियों और अपराधियों के खिलाफ एक बेहद बड़ी सफलता हासिल की है। कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में हुई भीषण आगजनी और Hyva वाहनों को फूंकने के चर्चित मामले में Hazaribagh Police ने वर्षों से फरार चल रहे TPC के एरिया कमांडर को उसके साथी समेत धर दबोचा है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी TPC का एरिया कमांडर बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार और उसका सहयोगी गिरेन्द्र है। दोनों मूल रूप से Chatra जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर उग्रवादी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
2019 की उस खौफनाक रात का सच, जब फूंके गए थे वाहन
यह पूरा मामला कटकमसांडी PS में दर्ज कांड संख्या 177/19 से जुड़ा हुआ है। 29 अक्टूबर 2019 को शिव प्रसाद के फर्दबयान पर मामला दर्ज किया गया था, जब कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में हथियारबंद उग्रवादियों ने धावा बोलकर दहशत फैलाई थी और वहां खड़े Hyva वाहनों में आग लगा दी थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने इस मामले में IPC की गंभीर धाराओं के साथ-साथ CLA Act की धारा 17 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। हालांकि पुलिस ने पहले भी इस मामले में निशांत, कपिल और अविनाश जैसे आरोपियों को जेल भेजा था, लेकिन बलवंत जी और गिरेन्द्र लगातार फरार चल रहे थे।
TPC एरिया कमांडर बलवंत पर दर्ज हैं दर्जनों संगीन मामले
Hazaribagh SP के कड़े निर्देशों पर DSP हेडक्वार्टर की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात कार्रवाई करते हुए Chatra जिले के हंटरगंज निवासी बलवंत जी को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह TPC का खूंखार एरिया कमांडर है। उस पर Hazaribagh, Chatra और Latehar जिलों के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, रंगदारी, Arms Act, CLA Act और UAPA जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।
दूसरे आरोपी गिरेन्द्र का भी निकला पुराना आपराधिक इतिहास
विशेष टीम ने बलवंत के साथ Chatra के गिद्धौर निवासी गिरेन्द्र को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरेन्द्र पर भी टंडवा, चतरा सदर और गिद्धौर थानों में डकैती, अवैध खनन और रंगदारी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वह भी TPC गिरोह से जुड़कर इलाके में अवैध वसूली और आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहा था।
विशेष टीम ने ऐसे किया मामले का पटाक्षेप
इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने वाली विशेष छापामारी टीम में कटकमसांडी PS इंचार्ज SI अनुपम प्रकाश, SI बिरजा कुजूर, आरक्षी राम स्वरूप दांगी, थानेश्वर रविदास और चालक नंदलाल कुमार शामिल थे। साल 2019 के इस पुराने और पेंडिंग पड़े मामले में मिली सफलता को Hazaribagh Police की एक बड़ी रणनीतिक कामयाबी माना जा रहा है। दोनों उग्रवादियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे इलाके में सक्रिय TPC के बाकी सदस्यों का भी पर्दाफाश होने की उम्मीद है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खूंटी में 205 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से...

JPSC मामले में CID ने UP में TDPL का दफ्तर किया सील, 10-10 लाख में बिका था PT!







