झारखंड की 5 महिला पुलिसकर्मियों समेत 29 को मिलेगा मेडल, देखें पूरी लिस्ट
स्वतंत्रता दिवस 2026 पर झारखंड पुलिस के 29 अधिकारियों और जवानों को पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। सूची में 3 IPS, 5 महिला पुलिसकर्मी और 5 वीरता पदक विजेता शामिल हैं।

Independence Day: इस बार स्वतंत्रता दिवस का अवसर झारखंड पुलिस के लिए बेहद खास और गौरवशाली रहने वाला है। राज्य के 3 IPS अधिकारियों समेत कुल 29 पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, इस बार सम्मानित होने वालों में 5 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने बेहतरीन काम से राज्य का मान बढ़ाया है।
JAP-1 के ASI कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को मिलेगा राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पदक इस बार JAP-1 के ASI कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ के नाम रहा है। अपनी पूरी सेवा के दौरान उत्कृष्ट, अनुशासित और समर्पित काम करने के लिए उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाएगा।
इन 5 बहादुर जवानों को मिलेगा वीरता पदक
मैदान में अदम्य साहस और वीरता दिखाने के लिए 5 जांबाज पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जा रहा है। इनमें लातेहार के Sub Inspector विनय कुमार, IRB-4 लातेहार के ASI प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो के साथ-साथ IRB-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू का नाम शामिल है। इन जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने कर्तव्य को अंजाम दिया है।
3 IPS अधिकारियों समेत 23 को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वालों में राज्य के 3 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के नाम सबसे ऊपर हैं। इनमें IG रेल डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात IPS अन्नेपु विजयालक्ष्मी और DIG कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
अधिकारियों की श्रेणी में स्पेशल ब्रांच के DSP नीरज कुमार, वायरलेस के Inspector अरुण कुमार, STF के Inspector मनोज कुमार राय और ITS रांची के Inspector असित कुमार मोदी को भी यह सम्मान मिलेगा।
निचले स्तर पर मुस्तैद जवानों का भी बढ़ा मान
मैदानी स्तर पर मुस्तैदी से तैनात जवानों में STF के ASI अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार के अलावा रांची जिला के ASI दीपक पुंज और CID के ASI महेंद्र महतो का नाम भी इस सूची में दर्ज है। इनके साथ ही STF के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुंडारी और हवलदार विजय थापा को भी इस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
5 महिला पुलिसकर्मियों ने भी लहराया परचम
इस सम्मान सूची में आधी आबादी यानी महिला पुलिसकर्मियों का भी दबदबा देखने को मिल रहा है। JAP-10 होटवार की महिला आरक्षी मांती खलखो, प्रभा देवी और महिला हवलदार रंजिता कुजूर के साथ-साथ JAP-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा। वहीं पुरुषों में गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दुबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा पदक से नवाजा जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

"24 घंटे का नोटिस देकर नहीं तोड़ सकते दुकान", HC ने रांची नगर निगम से 6 सप्ताह में मांगा जवाब

मुरी में Scorpio से टकराई बाइक, एक की मौत







