'तुषार भाई' के घर से मिले 25 मोबाइल, 5 लुटेरे अरेस्ट, जमशेदपुर में छिनतई और चोरी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश
जमशेदपुर में पुलिस ने तुषार कालिन्दी उर्फ तुषार भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। 31 मोबाइल, गहने और चोरी की स्कूटी बरामद कर कई छिनतई-चोरी मामलों का खुलासा हुआ।

Jamshedpur Crime : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही चोरी और मोबाइल छिनतई की घटनाओं पर नकेल कसते हुए पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर में संगठित गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देने वाले पांच शातिर बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम (MGM) अस्पताल के आसपास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटे हुए हैं। खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास की टीम ने तुरंत अस्पताल परिसर के आसपास घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया।
'तुषार भाई' के घर से मिले 25 मोबाइल, सोने-चांदी के गहने और गाड़ियां भी जब्त
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बागुनहातु निवासी तुषार कालिन्दी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिन्दी उर्फ नन्दु, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल, पर्स, चेन छिनतई और दोपहिया वाहन चुराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के पास से मौके पर 6 मोबाइल बरामद किए, जिसके बाद मुख्य आरोपी तुषार कालिन्दी के बागुनहातु स्थित घर पर छापेमारी कर 25 और मोबाइल बरामद किए गए। कुल मिलाकर 31 मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट, चांदी की चेन, कान के टॉप, दो चोरी की स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
आधा दर्जन वारदातों का खुलासा, सभी आरोपी पहुंचे जेल की सलाखों के पीछे
इस सफल कार्रवाई से MGM और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में दर्ज करीब आधा दर्जन चोरी और छिनतई के मामलों की गुत्थी सुलझ गई है। इसमें महिला से सोने का लॉकेट छीनना, अस्पताल से मोबाइल चोरी और मानगो बस स्टैंड से चोरी हुई यामाहा फैसिनो स्कूटी का मामला प्रमुख है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आकाश दत्ता और सावन देवगम का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। सभी पांचों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी दयानंद कुमार, थाना प्रभारी सचिन कुमार दास, उप निरीक्षक आनंद कुमार, प्रदीप वर्मा, सुगना मुंडा और उनकी पुलिस टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खूंटी में 205 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से...

JPSC मामले में CID ने UP में TDPL का दफ्तर किया सील, 10-10 लाख में बिका था PT!







