जामताड़ा में 16 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, साइबर थाने को मिले 7 नए अनुसंधानकर्ता
जामताड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है।
Jamtara: जामताड़ा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के तहत कुल 16 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण और नव पदस्थापन किया गया है। इस पुनर्गठन में नियमित पुलिस व्यवस्था के साथ-साथ जिले की सबसे बड़ी चुनौती यानी साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई है।
सामान्य थानों में 9 अफसरों को नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, जिले के 9 पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न थानों और शाखाओं में पदस्थापित किया गया है। इसमें पुलिस केंद्र से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) जाहिद अंसारी को जामताड़ा थाना, चंदन कुमार तिवारी को फतेहपुर थाना, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) सुखनाथ भगत को मिहिजाम थाना, सिद्धो सोरेन को महिला थाना जामताड़ा और छोटेलाल कुमार को मिहिजाम थाना भेजा गया है। वहीं, एसआईपीयू कार्यालय (सदर कोर्ट) से मुन्ना कुमार सिंह को नारायणपुर थाना पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा साइबर अपराध थाने से अमृत कुमार राम को नारायणपुर थाना, वैभव सिंह को करमाटांड़ थाना और प्रकाश सेठ को मिहिजाम थाना स्थानांतरित किया गया है।
साइबर अपराध अनुसंधान को दी गई नई धार
जामताड़ा में साइबर अपराध के मामलों के अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) को गति देने और आईटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमों के त्वरित निष्पादन के लिए साइबर अपराध थाने को मजबूत किया गया है। इसके लिए एक पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) और छह सब-इंस्पेक्टरों को साइबर थाने में तैनात किया गया है। पुलिस केंद्र से पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू को साइबर अपराध थाना में पदस्थापित किया गया है।
6 SI को साइबर अपराध थाने में नई ज़िम्मेदारी
1. अमित कुमार, जामताड़ा थाना से साइबर अपराध थाना
2. कृष्णा कुमार, यातायात थाना से साइबर अपराध थाना
3. पुष्पेश्वर दास, साइबर अपराध थाना (यथावत/पुनर्गठित)
4. गुलशन कुमार सिंह, मिहिजाम थाना से साइबर अपराध थाना
5. अनिल अभिषेक, बागडेहरी थाना से साइबर अपराध थाना
6. विकास कुमार तिवारी, करमाटांड़ थाना से साइबर अपराध थाना
अविलंब योगदान और रिपोर्ट देने का निर्देश
एसपी कार्यालय ने सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से योगदान देने का कड़ा निर्देश दिया है। इसके साथ ही पदभार ग्रहण करने के बाद सभी अधिकारियों को संबंधित कार्यालय में अनुपालन प्रतिवेदन भी समर्पित करना अनिवार्य किया गया है। जिला पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि साइबर थाने में अनुभवी अनुसंधानकर्ताओं की नई टीम जुड़ने से लंबित मामलों की जांच तेजी से पूरी होगी और साइबर अपराधियों के सिंडिकेट को तोड़ने में मदद मिलेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
साइबर ठगी के पैसे का रास्ता रोकने की तैयारी, धनबाद पुलिस ने बैंक अधिकारियों के साथ बनाई रणनीति
मनोहरपुर में 5 सितंबर से रुकेगी एर्नाकुलम एक्सप्रेस, सांसद जोबा माझी दिखाएंगी हरी झंडी







