विश्व मलेरिया दिवस: औरंगाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, चिकित्सकों ने दिए बचाव के मंत्र
औरंगाबाद जिला मलेरिया कार्यालय में शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला वेक्टर बॉन्ड डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मलेरिया के लक्षणों, रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई.

Aurangabad/Bihar (Report By - Rupesh): विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल स्थित जिला मलेरिया कार्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिला वेक्टर बॉन्ड डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना और इसके उन्मूलन के लिए प्रेरित करना था.
मलेरिया के कारण और प्रकार
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि मलेरिया मादा एनोफ़िलीज़ मच्छर के काटने से फैलता है, जो जमे हुए और गंदे पानी में पनपते हैं. भारत में मुख्य रूप से दो प्रकार के मलेरिया परजीवी— 'प्लाज्मोडियम वाईवेक्स' और 'प्लाज्मोडियम फैलसीपरम' पाए जाते हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि यदि निश्चित अंतराल पर तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और कपकपी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए.
निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा
डॉ. सुनील कुमार ने जानकारी दी कि मलेरिया की जांच और संपूर्ण उपचार सभी सरकारी अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है. उन्होंने अपील की कि बीमारी के लक्षण उभरते ही मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं और विशेषज्ञों की सलाह पर इलाज शुरू करें. समय पर पहचान और उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है.
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव
मलेरिया पर नियंत्रण पाने के लिए विशेषज्ञों ने स्वच्छता को सबसे महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने सलाह दी कि घरों के आसपास गड्ढों, पुरानी टायरों, कूलरों और नालियों में पानी जमा न होने दें. यदि पानी जमा हो, तो उसमें मिट्टी के तेल की कुछ बूंदें डालें ताकि मच्छरों का लार्वा नष्ट हो सके. इसके अलावा सोते समय मच्छरदानी या रिपेलेंट क्रीम का उपयोग करने की भी सलाह दी गई. इस कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक सहित एएनएम, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लखीसराय में लावारिस हालात में मिले मासूम की हालत नाजुक, प्रशासन कर रही आर्थिक परेशानी का दावा

'कृषि से होगा विकसित भारत का निर्माण...' BAU के 9वें दीक्षांत समारोह में बोले राज्यपाल सैयद अता हसनैन







