गाय ले जाएंगे, रोका तो मार देंगे गोली..., रांची के युवक को फोन पर धमकी, मांगी 2 लाख की रंगदारी
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक से फोन पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की।

Ranchi ; रांची के चुटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पक्का कुआं, मिडिल चुटिया निवासी विक्रम कुमार साहू (27) से फोन पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
नामकुम में गाय पकड़े जाने का दिया हवाला
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विक्रम के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने अपनी पहचान शुभम तिवारी के रूप में दी। उसने विक्रम पर आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले नामकुम इलाके से गायें पकड़े जाने की घटना में उसने हस्तक्षेप किया था और उनके काम में रुकावट डाली थी।
दो लाख रुपये न देने पर गोली मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वे दोबारा गाय ले जाएंगे और यदि इस बार किसी ने रोकने का प्रयास किया तो उसे सीधे गोली मार दी जाएगी। इसके साथ ही नामकुम थाने में दर्ज मामले के एवज में दो लाख रुपये देने की मांग रखी गई। पैसे नहीं देने की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी गई। इसके कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर यही धमकियां दोहराईं।
जेल से जमानत पर बाहर आने का दावा, पुलिस जांच जारी
विक्रम साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी शुभम तिवारी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है। पुलिस के अनुसार, यह शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप हैं, जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओमान से झारखंड आएंगी कैंसर की आधुनिक दवाएं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान

महिला किसानों के लिए हेमंत सरकार का बड़ा प्लान, 1 एकड़ में समेकित खेती, सालभर कमाई के लिए आ रही नई योजना







