झारखंड हाईकोर्ट को मिलेंगे 3 नए जज! सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा के नाम पर लगाई मुहर
झारखंड हाईकोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा के नाम केंद्र सरकार को भेजे हैं।

Jharkhand High Court; झारखंड हाईकोर्ट में रिक्त चल रहे पदों को भरने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (PDJ) को झारखंड हाईकोर्ट का जज नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गढ़वा के पीडीजे मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा के नाम को मंजूरी देते हुए केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी है।
चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली बैठक में लगी मुहर
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की उच्चस्तरीय बैठक चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता में गुरुवार को संपन्न हुई। इस बैठक में झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के अधिकारियों की वरीयता और ट्रैक रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद तीनों नामों के प्रस्ताव पर अंतिम सहमति बनी। कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद अब केंद्रीय कानून मंत्रालय के स्तर पर फाइल की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। राष्ट्रपति की मंजूरी और आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद तीनों न्यायिक अधिकारी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर होगी 16
झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत केवल 13 जज कार्यरत हैं, जिससे मामलों के निष्पादन पर दबाव बना हुआ था। इन तीन नए जजों की पदस्थापना पूरी होते ही हाईकोर्ट में कार्यरत जजों की संख्या बढ़कर 16 पहुंच जाएगी और रिक्त पदों की संख्या घटकर 9 रह जाएगी। इससे लंबे समय से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की संभावना है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

महिला किसानों के लिए हेमंत सरकार का बड़ा प्लान, 1 एकड़ में समेकित खेती, सालभर कमाई के लिए आ रही नई योजना

सिर्फ किताबों तक सीमित न रहें बच्चे, CISCE नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में बोलीं मंत्री शिल्पी तिर्की, खेल से बनता है अनुशासन







