डिप्रेशन या तनाव में हैं तो तुरंत डायल करें 14416, रांची में आत्महत्या रोकथाम के लिए बड़ा अभियान शुरू
रांची में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता अभियान शुरू हुआ। 10 से 16 सितंबर तक स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम होंगे। मानसिक स्वास्थ्य सहायता और परामर्श के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर संपर्क किया जा सकता है।

Ranchi News; विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के मौके पर गुरुवार को रांची के सिविल सर्जन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और विभागीय कर्मचारियों को आत्महत्या रोकथाम के प्रति सजग रहने और मानसिक तनाव से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों की समय पर मदद करने की शपथ दिलाई।
संवाद और सकारात्मक सोच पर दिया गया जोर
अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। यदि परिवार या आसपास किसी व्यक्ति के मानसिक रूप से परेशान होने की जानकारी मिले, तो अभिभावकों और करीबियों को उसकी चुप्पी तोड़कर सीधे बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तनाव या अवसाद से जूझ रहे व्यक्ति को कभी भी अकेले परिस्थितियों का सामना करने के लिए नहीं छोड़ना चाहिए। समय रहते परिवार, मित्रों या विशेषज्ञ डॉक्टरों से समस्याएं साझा करने पर संकट को टाला जा सकता है।
अकेलापन और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग जोखिम भरा
जिला नोडल पदाधिकारी डॉ सीमा गुप्ता ने कहा कि अपनी भावनाओं और परेशानियों को दूसरों से साझा न करना गंभीर मानसिक संकट की वजह बन सकता है। उन्होंने लोगों को सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने व्यवहार में अचानक बदलाव, सामाजिक दूरी और लगातार बनी रहने वाली निराशा जैसे शुरुआती संकेतों को गंभीरता से लेने पर जोर दिया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एआर मुस्ताफी ने भी मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए संतुलित जीवनशैली और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।
10 से 16 सितंबर तक चलेगा अभियान, हेल्पलाइन नंबर जारी
जागरूकता कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्यकर्मियों और एएनएमटीसी की छात्राओं ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। जिले के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में 10 से 16 सितंबर 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि मानसिक स्वास्थ्य सहायता और परामर्श के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ अमरेंद्र प्रसाद सहित विभाग के कई अन्य चिकित्सा पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओमान से झारखंड आएंगी कैंसर की आधुनिक दवाएं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान

महिला किसानों के लिए हेमंत सरकार का बड़ा प्लान, 1 एकड़ में समेकित खेती, सालभर कमाई के लिए आ रही नई योजना







