पलामू में गैस एजेंसी से लाखों की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, बालू में छिपाए ₹2.43 लाख बरामद
पलामू के हैदरनगर में भारत गैस एजेंसी से ₹2.59 लाख की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया। आरोपी शमीम खान गिरफ्तार, उसकी निशानदेही पर बालू में छिपाए ₹2,43,250 बरामद।

Palamu News; पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित भाई बिगहा में भारत गैस एजेंसी में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल पर्दाफाश कर दिया है। मामले में त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए हैदरनगर पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान (41) को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई रकम में से ₹2,43,250 नगद भी बरामद कर लिए हैं। बुधवार को हैदरनगर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ल ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा की।
6 सितंबर की रात दिया था वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 6 सितंबर की रात अज्ञात बेखौफ चोरों ने भाई बिगहा स्थित भारत गैस एजेंसी को अपना निशाना बनाया था। चोरों ने एजेंसी का ताला तोड़कर वहां रखे करीब ₹2,59,000 नगद उड़ा लिए थे। अगली सुबह चोरी का पता चलने पर एजेंसी के प्रोपराइटर ने तुरंत हैदरनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुट गई थी।
बालू में छिपाकर रखे थे चोरी के पैसे, SDPO के नेतृत्व में मिली सफलता
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के जरिए अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर नामजद आरोपी शमीम खान को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के समीप बालू (रेत) में छिपाकर रखी गई ₹2,43,250 की नगदी बरामद कर ली। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









