झाड़-फूंक करने आए पुजारी का ही कर दिया मर्डर, पश्चिमी सिंहभूम में सोते समय गर्दन पर रेता चाकू, आरोपी फरार
पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में झाड़-फूंक करने आए पुजारी गोरा अंगरिया की चाकू से हत्या कर दी गई। आरोपी पोंडे राम फरार है, पुलिस छापेमारी कर रही है।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बड़ैला गांव में झाड़-फूंक करने आए 42 साल के पुजारी गोरा अंगरिया की धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार तड़के हुई इस वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 साल के युवक पोंडे राम अंगरिया पर लगा है, जो वारदात के बाद से ही मौके से फरार चल रहा है।
अजीब हरकतें कर रहा था आरोपी, ठीक कराने के लिए बुलाया था पुजारी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से अजीबोगरीब हरकतें कर रहा था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। उसके इस बर्ताव से परिवार वाले काफी परेशान थे, इसलिए उसे ठीक कराने के लिए झाड़-फूंक का सहारा लिया जा रहा था। इसी सिलसिले में मंगलवार रात पोंडे राम के घर पर पूजा-पाठ का आयोजन रखा गया था। इस पूजा में पुजारी गोरा अंगरिया और गांव के डाकुवा (संदेशवाहक) मुखी राम अंगरिया समेत कई ग्रामीण शामिल हुए थे।
रात भर चला पूजा-पाठ, सुबह तड़के सोते में कर दिया हमला
देर रात पूजा-पाठ खत्म होने के बाद बाकी ग्रामीण तो अपने-अपने घर चले गए, लेकिन पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया रात में वहीं रुक गए। दोनों उसी कमरे में सो गए जहां पोंडे राम भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे, जब पुजारी गहरी नींद में थे, तभी पोंडे राम ने अचानक धारदार चाकू से उनकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से पुजारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मौके से फरार हुआ आरोपी, पुलिस कर रही छापेमारी
कमरे में मौजूद डाकुवा जब तक कुछ समझ पाते या बचाव कर पाते, आरोपी युवक वहां से भाग निकला। इसके बाद डाकुवा ने तुरंत गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और गोइलकेरा थाना पुलिस को इस मर्डर की खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल चाकू की तलाश कर रही है और आरोपी पोंडे राम को गिरफ्तार करने के लिए उसके छिपने के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची प्रेस क्लब मीडिया कप फुटबॉल 2026 के लिए टीम कारो ने कसी कमर, भारत भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक

जमशेदपुर में नदियों के उफान और जलजमाव पर उपायुक्त ने की समीक्षा, क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों की मरम्मत और मुआवजे के निर्देश







