आजादी के जश्न से पहले अपराधियों की शामत! मुजफ्फरपुर में 342 गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपितों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिलेभर में हुई कार्रवाई में 342 आरोपित गिरफ्तार किए गए, जबकि 190 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


मुजफ्फरपुर: स्वतंत्रता दिवस से पहले मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। SSP के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए स्पेशल ड्राइव के दौरान पुलिस ने 342 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से 190 लोगों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी SP मोहिबुल्लाह अंसारी ने इस अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण और विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार , पूर्वी-1 अनुमंडल में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी हुई है । यहां पुलिस ने 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से 43 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं टाउन-1 और टाउन-2 अनुमंडल में संयुक्त रूप से 40 आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच के बाद यह पता लगाया जा रहा है कि इनमें कितने आरोपियों पुराने मामलों में फरार थे और कितने नए मामलों से जुड़े हुए हैं।
SSP ने थानों का किया औचक निरीक्षण
विशेष अभियान के बीच एसएसपी ने ब्रह्मपुरा और सकरा थाना का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग की समीक्षा की। अधिकारियों और जवानों को अपराधियों पर नजर रखने के साथ लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रखते हुए जिले में पुलिस की निगरानी और चेकिंग भी बढ़ा दी गई है। अहियापुर समेत कुछ अन्य थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान सामान बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस की ओर से बरामदगी का विस्तृत ब्योरा बाद में जारी किया जाएगा। सिटी SP ने साफ कहा कि अपराधियों और फरार आरोपितों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस कानून-व्यवस्था मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने पर है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

शराब से स्मैक तक... कोशी में पुलिस का बड़ा अभियान, 1,638 लोग पहुंचे जेल

नाबालिग से यौन दुर्व्यवहार के आरोप में तीन किशोर निरुद्ध, आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का भी आरोप







