T20 WC: मंधाना-शेफाली का तूफान, भारत ने नीदरलैंड्स को 95 रन से रौंदा
मंधाना और शेफाली की दमदार पारियों से भारत ने 209 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद श्री चरणी की अगुआई में गेंदबाजों ने नीदरलैंड्स को 114 रन पर समेटकर 95 रन से जीत दिलाई.

भारत ने महिला टी20 विश्व कप में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए नीदरलैंड्स को 95 रन से करारी शिकस्त दी। बुधवार को लीड्स में खेले गए ग्रुप-ए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 209 रन बनाए, जो टूर्नामेंट में उसका अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। जवाब में नीदरलैंड्स की पूरी टीम 17.3 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़कर नीदरलैंड्स के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। शेफाली ने 55 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि मंधाना ने 74 रन बनाकर टीम की बड़ी स्कोर की नींव रखी। अंत में ऋचा घोष ने नाबाद 20 रन और दीप्ति शर्मा ने दो गेंदों पर छक्का-चौका जड़कर टीम को 209 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। कप्तान बाबेट डे लीडे ने 28 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटकते हुए विपक्षी टीम को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया।
स्पिनर श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 4 विकेट लेकर नीदरलैंड्स की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शेफाली वर्मा ने भी गेंद से कमाल दिखाते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि नंदनी शर्मा को 2 सफलताएं मिलीं। इस जीत के साथ भारत नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









