पलामू में तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत
पलामू जिले के हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया।
Palamu: पलामू जिले के हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सबनवा गांव के पास पिकअप वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार शंभू राम की मौके पर ही मौत हो गई। वह डाली गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मुख्य सड़क पर आते ही हुआ हादसा
बताया गया कि शंभू राम डाली पथ से स्कूटी लेकर मुख्य सड़क पर आ रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदगंज की तरफ से हैदरनगर जा रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शंभू राम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। घटना से नाराज लोगों ने हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
तीन घंटे तक सड़क पर लगा रहा जाम
सूचना मिलने पर मोहम्मदगंज और हैदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की। इस दौरान मोहम्मदगंज के बीडीओ सह सीओ रणवीर कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 10 हजार रुपये नकद देने और संबंधित डीलर के माध्यम से 50 किलो चावल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन के नियमों के तहत मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा भी दिलाया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






