साहब! बदबूदार पानी से बचाओ..., गोड्डा में स्कूली बच्चों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा
गोड्डा के मेहरमा स्थित राम सुंदर राम +2 उच्च विद्यालय में जलजमाव और गंदे पानी से परेशान छात्रों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।

Godda News : गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड अंतर्गत राम सुंदर राम +2 उच्च विद्यालय में जलजमाव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। विद्यालय परिसर में लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने और बदहाली से तंग आकर छात्र-छात्राओं के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। गुरुवार को दर्जनों छात्र-छात्राएं अपनी कक्षाएं छोड़कर सीधे सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
बदबू और बीमारी के डर के बीच पढ़ाई
विद्यार्थियों का कहना है कि विद्यालय परिसर में नाले और बारिश का गंदा पानी भर जाने के कारण कैंपस किसी सड़े हुए तालाब जैसा नजर आने लगा है। स्कूल आने-जाने के लिए छात्र-छात्राओं को इसी बदबूदार और दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। गंदे पानी की वजह से न सिर्फ हर समय संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है, बल्कि तेज बदबू के कारण क्लासरूम में बैठकर पढ़ाई करना भी नामुमकिन हो गया है। कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन किसी ने इस गंभीर समस्या की सुध नहीं ली।
सड़क पर गूंजे नारे, फौरन निकासी की उठी मांग
प्रशासन की इसी अनदेखी से भड़के छात्रों ने स्कूल के बाहर सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों की साफ मांग थी कि स्कूल के अंदर जमे गंदे पानी को मोटर पंप लगाकर तुरंत बाहर निकाला जाए। इसके साथ ही पानी की नियमित निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण कर इस समस्या का हमेशा के लिए पक्का समाधान निकाला जाए, ताकि हर बारिश में उनका भविष्य दांव पर न लगे।
अफसरों की दौड़-धूप, आश्वासन के बाद खुला रास्ता
स्कूली बच्चों द्वारा सड़क जाम किए जाने की खबर मिलते ही प्रखंड प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) और अंचल निरीक्षक (CI) दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क पर बैठे छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनकी तकलीफों को समझा। अधिकारियों ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि पानी निकासी के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और नाली की स्थायी व्यवस्था भी जल्द कराई जाएगी। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार छात्रों ने जाम समाप्त किया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रिनपास निदेशक की भर्ती पर क्यों नाराज हैं बाबूलाल मरांडी?, CM को पत्र लिखकर की ये मांग

गिरिडीह में पिता को मुखाग्नि देने के लिए पेरोल पर जेल से गांव पहुंचा दुष्कर्म का सजायाफ्ता कैदी, रो पड़ीं बहनें







