महावीरी झंडा जुलूस को लेकर मोतिहारी में सुरक्षा चाक-चौबंद, अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर
महावीरी झंडा जुलूस को लेकर मोतिहारी में पुलिस और प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है और CCTV, ड्रोन व वीडियोग्राफी से निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।


महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर मोतिहारी शहर में रविवार को प्रशासन और पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के जरिए जहां आम लोगों में सुरक्षा और प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत करने का संदेश दिया गया, वहीं असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों को भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रोबेशनर डीएसपी कुमारी प्रियंका एवं अभिषेक कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, नगर थाना, छतौनी थाना एवं मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्षों सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी तथा जवान शामिल रहे।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
महावीरी झंडा जुलूस को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। जुलूस और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर है। आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट और गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना, पुराने वीडियो या फर्जी खबर को साझा करने से बचें।
प्रशासन ने जुलूस में शामिल लोगों से निर्धारित मार्ग, समय और जारी निर्देशों का पालन करने, भड़काऊ नारे, गीत, पोस्टर अथवा प्रदर्शन से बचने तथा किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधि नहीं करने की अपील की है। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की गई है। यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का ध्यान रखने तथा एम्बुलेंस, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के रास्ते में बाधा नहीं डालने को भी कहा गया है।
'शांति बनाए रखें, कानून हाथ में न लें'
प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं को भी शांति एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। प्रशासन का साफ संदेश है कि धार्मिक आस्था और परंपरा का सम्मान करते हुए पर्व मनाना सभी की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण आयोजन में प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा, लेकिन अफवाह फैलाने, उपद्रव करने, विधि-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

65 लाख निवेश के दावे पर 2.82 करोड़ का विवाद, महिला डायरेक्टर ने पार्टनर पर दर्ज कराई FIR

‘राष्ट्रीय सम्मान का अपमान’ का आरोप, सहरसा में कांग्रेस के खिलाफ BJP का बड़ा प्रदर्शन







