Bihar (Saharsa): सहरसा जिले के कनरिया थाना क्षेत्र से सामने आए कीटनाशक सेवन कांड में एक नया और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. इस वीडियो में गंभीर रूप से जख्मी सरोज कुमार यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि उसने नशे के उद्देश्य से अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर कीटनाशक दवा का सेवन किया था.
बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत वेलवारा पंचायत फेरवा वार्ड नंबर 4 में चार युवक मकई के खेत में फसल के कीड़े मारने वाली कीटनाशक दवा पी बैठे. घटना में तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि सरोज कुमार का इलाज खगड़िया जिले के सदर अस्पताल में चल रहा है.
सरोज कुमार के इस बयान के सामने आने के बाद न केवल इस घटना को लेकर, बल्कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब बंदी के बावजूद गांव-देहात में नशे के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो रहे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे और जांच तेज करने का भरोसा दिलाया.
इस घटना ने समाज के सामने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके जानलेवा परिणामों को उजागर कर दिया है. तीन युवकों की मौत और एक की जिंदगी के लिए जंग पूरे जिले के लिए एक बड़ी चेतावनी बन गई है.
Report: Indradeo








