हर घर तिरंगा यात्रा पर बवाल, 13 शिक्षकों की शिकायत लेकर BDO के पास पहुंचे प्राचार्य
नवादा के हिसुआ इंटर विद्यालय में 13 शिक्षकों के खिलाफ शिकायत की गई है। प्राचार्य का आरोप है कि शिक्षक हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हुए और राष्ट्रगान के दौरान भी कुछ शिक्षक कार्यालय में बैठे रहे। अब प्रशासन मामले की जांच करेगा।


नवादा: हर घर तिरंगा यात्रा को लेकर नवादा के हिसुआ इंटर विद्यालय में विवाद खड़ा हो गया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने 13 शिक्षकों के खिलाफ BDO से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि बार-बार कहने के बावजूद शिक्षक तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हुए। इतना ही नहीं, राष्ट्रगान के दौरान भी कुछ शिक्षकों के कक्ष में बैठे रहने की बात शिकायत में कही गई है ।
प्राचार्य कुमार आशुतोष ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित शिकायत दिया है। शिकायत के बाद अब प्रशासन मामले की जांच की तैयारी में जुटी है।
तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं होने का आरोप
प्राचार्य के मुताबिक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक) के निर्देश पर हिसुआ में हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया था। विद्यालय के शिक्षकों से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया गया था। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद भी 13 शिक्षक यात्रा में शामिल नहीं हुए।
शिकायत में माध्यमिक शिक्षक सुनील कुमार, अमरेश अमर, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, सावन राज, रविंद्र राय, एहसान अहमद, नूतन कुमारी और रानी कुमारी के अलावा उच्च माध्यमिक शिक्षक सौरभ कुमार, रितेश कुमार, अलका सिन्हा और राहुल कुमार सुमन के नाम शामिल हैं।
राष्ट्रगान के दौरान कार्यालय में बैठे रहने का भी आरोप
प्राचार्य ने शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यालय में राष्ट्रगान का आयोजन हुआ था। इसी दौरान कुछ शिक्षक कार्यालय कक्ष में बैठे रहे।
प्राचार्य ने इसे राष्ट्रीय कार्यक्रम और राष्ट्रगान के प्रति गंभीरता से जुड़ा मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने बीडीओ से मिलकर पूरे मामले की जानकारी भी दी।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
बीडीओ ने मामले की जांच कराने और रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया है। हालांकि, अभी तक संबंधित शिक्षकों का पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में आरोपों की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि नवादा जिले में हर घर तिरंगा यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड और सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया था।
ऐसे में हिसुआ इंटर विद्यालय के 13 शिक्षकों के खिलाफ आई शिकायत ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और संबंधित शिक्षकों पर विभाग की ओर से कोई कार्रवाई की जाती है या नहीं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कैबिनेट के बाद BJP के सभी मंत्री CM आवास पर क्यों बुलाए गए? बंद कमरे की बैठक से बढ़ी हलचल

क्लास में पढ़ाई के बीच करने लगे चाकूबाजी! स्कूल कैंपस में चाकू कैसे पहुंचा?







