राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला को मिली जान से मारने की धमकी, एक गिरफ्तार, सुरक्षा बढ़ाई गई
लालगंज में राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हैदराबाद में है. तकनीकी जांच में धमकी की पुष्टि हुई है. प्रशासन ने शिवानी शुक्ला की सुरक्षा बढ़ा दी है.

Bihar Election 2025
लालगंज विधानसभा क्षेत्र में राजद उम्मीदवार और पूर्व विधायक बाहुबली मुन्ना शुक्ला की पुत्री शिवानी शुक्ला को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति के भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपित की तलाश में टीम हैदराबाद रवाना हो गई है. घटना के बाद प्रशासन ने राजद उम्मीदवार की सुरक्षा बढ़ा दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करताहां थानाध्यक्ष कुणाल आजाद ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान करताहां थाना क्षेत्र के धनुषी निवासी रंधीर कुमार, पिता राजेंद्र कुंवर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रंधीर का भाई रंजीत कुंवर, जो फिलहाल हैदराबाद में रहता है, ने ही पुलिस कंट्रोल रूम और थानाध्यक्ष के मोबाइल पर फोन कर शिवानी शुक्ला की हत्या की धमकी दी थी.
एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल ने बताया कि बीते गुरुवार को जिला कंट्रोल रूम को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कहा गया कि “घटारो में कोई बड़ी घटना होने वाली है.” जब थानाध्यक्ष ने उस नंबर (7479749222) पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ था. शाम करीब 6:56 बजे उसी नंबर से करताहां थाना के सरकारी नंबर पर कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि “राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला के पास काफी पैसा है. अगर वह रंगदारी नहीं देगी तो घटारो आने पर गोली मार देंगे. बचा सकते हैं तो बचा लीजिए.”
पुलिस ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए तकनीकी शाखा से जांच करवाई. मोबाइल नंबर की लोकेशन और एसडीआर निकालने पर पता चला कि वह नंबर रंधीर कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर रंधीर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि यह नंबर उसका भाई रंजीत उपयोग करता है, जो हैदराबाद में रह रहा है.
तकनीकी जांच में मोबाइल की लोकेशन हैदराबाद में पाई गई. पुलिस के अनुसार, रंजीत पहले भी हाजीपुर में हत्या और हैदराबाद में दुष्कर्म के मामलों में जेल जा चुका है. फिलहाल पुलिस की एक विशेष टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए हैदराबाद रवाना हो चुकी है.
इस बीच, जिला प्रशासन ने राजद उम्मीदवार शिवानी शुक्ला की सुरक्षा बढ़ा दी है. उन्हें दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए गए हैं. एसडीपीओ गोपाल मंडल ने कहा कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू की जांच कर रही है ताकि चुनावी माहौल में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बिहार के हाजीपुर में जढुआ ओपी के थाना प्रभारी ने खुद को मारी गोली, जानें पूरा मामला

मोतिहारी की जहरीली शराब से मौत मामले ने पकड़ा तूल, पूर्व विस अध्यक्ष ने कहा- नीतीश सरकार चला रही जंगल राज






