डोरंडा में 1 एकड़ 20 डिसमिल जमीन खाली कराने की तैयारी, 48 घंटे का अल्टीमेटम!
रांची के डोरंडा ग्वाला टोली में 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की तैयारी है। नगर निगम ने नोटिस चिपकाकर कब्जाधारियों को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

Ranchi : रांची नगर निगम ने सरकारी जमीनों को अवैध कब्जे से छुड़ाने के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को निगम की टीम वार्ड नंबर 45 के अंतर्गत डोरंडा के ग्वाला टोली पहुंची और वहां सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। निगम के अधिकारियों के मुताबिक, खाता संख्या 213 और प्लॉट संख्या 140 के तहत आने वाली कुल 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर वहां बने अस्थाई ढांचों और निर्माणों पर नोटिस चिपका दिया।
माइकिंग कर दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने इलाके में बाकायदा लाउडस्पीकर से माइकिंग कराई और अतिक्रमण करने वालों को साफ-साफ चेतावनी दी। निगम ने संबंधित लोगों को खुद ही अपना कब्जा हटाने के लिए 48 घंटे की मोहलत दी है। निगम ने दो टूक शब्दों में कह दिया है कि अगर तय समय के अंदर अवैध निर्माण नहीं हटाए गए, तो नगर निगम अपनी टीम और मशीनों के साथ पहुंचकर जमीन को पूरी तरह खाली कराएगा।
हटाने का पूरा खर्च भी अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा
नगर निगम ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर निगम की टीम को बुलडोजर या मजदूर लगाकर कब्जा हटाना पड़ा, तो इस कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च संबंधित अतिक्रमणकारी से ही वसूला जाएगा। साथ ही किसी भी तरह के नुकसान की पूरी जवाबदेही भी उन्हीं लोगों की होगी जो अवैध रूप से सरकारी जमीन दबाकर बैठे हैं।
शहर भर में जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें चिन्हित करके लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम का मकसद सिर्फ सरकारी जमीनों को बचाना ही नहीं, बल्कि शहर की सड़कों, फुटपाथों और बाकी सार्वजनिक जगहों को भी पूरी तरह अतिक्रमण से मुक्त रखना है ताकि आम लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी या सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा या पक्का-कच्चा निर्माण करने से बचें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में पिता को मुखाग्नि देने के लिए पेरोल पर जेल से गांव पहुंचा दुष्कर्म का सजायाफ्ता कैदी, रो पड़ीं बहनें

गिरिडीह में BDO को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, छुड़ाने पहुंची पुलिस







