बिना बताए थाना पहुंचे पलामू SP, पेंडिंग केस और फरार अपराधियों पर दिया सख्त आदेश
पलामू जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी अचानक विश्रामपुर थाना पहुंच गए।

Palamu: पलामू जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी अचानक विश्रामपुर थाना पहुंच गए। SP के बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचते ही थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस कप्तान ने सीधे थाने के अंदर दाखिल होकर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों की फाइलें, वारंट और कुर्की जब्ती के मामलों की स्थिति, पासपोर्ट वेरिफिकेशन का स्टेटस, थाने के पुराने रिकॉर्ड्स और परिसर की साफ-सफाई की बारीकी से समीक्षा की।
पेंडिंग केसों को लेकर अधिकारियों की लगाई क्लास
समीक्षा के दौरान SP ने सभी पुलिस अफसरों को दो टूक निर्देश दिया कि गंभीर और पुराने मुकदमों की जांच में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि मामलों के अनुसंधान में बेवजह की देरी न की जाए। पुलिस अफसर ठोस और वैज्ञानिक साक्ष्यों को आधार बनाकर समय पर अदालत में गुणवत्तापूर्ण चार्जशीट दाखिल करें, ताकि पीड़ितों को जल्द इंसाफ मिल सके।
फरार अपराधियों को तुरंत दबोचने का फरमान
जिले में अपराध पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसपी कपिल चौधरी ने कड़े कदम उठाने का आदेश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इलाके में घूम रहे फरार अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाए और लंबित वारंट व कुर्की का तेजी से निष्पादन करते हुए उन्हें फौरन गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखने, लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाने और रात की गश्ती को और ज्यादा असरदार बनाने को कहा।
बैंक, ATM और संवेदनशील जगहों पर रहेगी पैनी नजर
पुलिस कप्तान ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि इलाके के बैंकों, एटीएम, अन्य वित्तीय संस्थानों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे गश्त सुनिश्चित की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
जनता से तमीज से पेश आने की सख्त हिदायत
SP कपिल चौधरी ने पुलिसकर्मियों के रवैये को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि थाने में अपनी फरियाद लेकर आने वाली आम जनता के साथ पूरी संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मियों को पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने की नसीहत देते हुए कहा कि अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई और आम जनता की सुरक्षा ही पलामू पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






