रोहतास में अब रील से बदलेगी जिले की तस्वीर! अब कचरा लौटाइए और वापस पाइए 50 रुपये
रोहतास में अब सोशल मीडिया सिर्फ रील और पोस्ट तक सीमित नहीं रहेगा। जिला प्रशासन ने पर्यटन, स्वच्छता और साइबर जागरूकता को लेकर कुछ ऐसे कदम उठाने की तैयारी की है


रोहतास जिला समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी कक्ष में सोमवार को एक अहम बैठक हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार और वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार ने की। इसमें जिले के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और डिजिटल ब्लॉगर्स भी शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस 3 बातों पर रहा - पर्यटन को बढ़ावा, स्वच्छता अभियान और सोशल मीडिया पर जिम्मेदार कंटेंट।
सोशल मीडिया से पर्यटन तक, रोहतास में नई रणनीति
DM दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि रोहतास में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन लगातार काम कर रहा है। इसी कड़ी में रोहतासगढ़ किले में जल्द होम-स्टे सुविधा शुरू करने की योजना है। इसके अलावा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को रास्ते, स्थान और जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। मां तुतला भवानी ईको-पर्यटन स्थल से विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत होगी। इसमें इन्फ्लुएंसर्स के साथ स्थानीय लोग भी जुड़ेंगे।
50 रुपये का ईको-डिपॉजिट
वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार ने कहा कि रोहतास की प्राकृतिक सुंदरता को बचाना सबकी जिम्मेदारी है। इसके लिए मांझर कुंड में 50 रुपये का वापसी योग्य ईको-डिपॉजिट लागू होगा। पर्यटक प्लास्टिक कचरा वापस करेंगे तो पैसे वापस मिलेंगे। वहीं, वन क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन के मुताबिक, यह नियम वन्यजीवों के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किया जाएगा।
‘पहले सत्यापन, फिर पोस्ट’... SP ने दिया संदेश
SP रौशन कुमार ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर दिया। इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि कोई भी खबर पोस्ट करने से पहले सत्यापन जरूर करें। अफवाह फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए भी किया जाना चाहिए। बैठक में प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप, उद्योग महाप्रबंधक आशीष रंजन सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
समाचार संकलन-विकाश चंदन (रोहतास बिहार)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोबाइल की लत और बेइज्जती बनी हत्या की वजह! ट्रक चालक के कत्ल का खुलासा

मालगोदाम श्रमिकों के लिए बड़ी खबर! 15 अगस्त के बाद होने वाला है बड़ा फैसला, पांच राज्यों के मजदूरों की तैयार होगी सूची







