पलामू में चोरी की बड़ी वारदात का 24 घंटे में खुलासा, एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार
पलामू के मेदिनीनगर में राहत नगर पहाड़ी मुहल्ला चोरी मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर सोने के जेवर बरामद किए गए।

Palamu News ; पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र स्थित राहत नगर पहाड़ी मुहल्ला में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल पर्दाफाश कर दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने जैसे कीमती जेवरात भी सकुशल बरामद कर लिए हैं।
किराए के मकान में रहकर वारदात को देते थे अंजाम
गिरफ्तार आरोपियों में शगुफ्ता परवीन उर्फ जुगनू, मुस्कान परवीन, समीर आलम और शानू आलम शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी मूल रूप से हरिहरगंज के अररुवा गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में शहर थाना क्षेत्र के कुण्ड मुहल्ला में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 6.730 ग्राम वजन की चैन व लॉकेट, 2.760 ग्राम की कान की बाली (टॉप्स) का एक जोड़ा और 3.440 ग्राम का एक अन्य जोड़ा टॉप्स बरामद किया है।
दो आरोपियों का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से समीर आलम और शानू आलम शातिर किस्म के अपराधी हैं। दोनों के खिलाफ शहर थाने में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि इस चोरी को लेकर राहत नगर पहाड़ी मुहल्ला निवासी पीड़ित मुहम्मद नेसात अहमद ने शहर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
सदर SDPO के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, प्रोबेशनर पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार यादव सहित शहर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









