धनबाद में 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
धनबाद में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। राजस्थान के परिवार से गहने-कपड़े खरीदवाकर फर्जी शादी रचाई गई और मारपीट की गई।

Dhanbad News; धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी और मारपीट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। राजस्थान से शादी की नीयत से आए एक परिवार को झांसे में लेकर न सिर्फ उनसे गहनों और कपड़ों की जमकर खरीदारी कराई गई, बल्कि एक गांव में ले जाकर फर्जी शादी का नाटक भी रचाया गया। इसके बाद जब पीड़ित परिवार ने आरोपियों के घर जाकर भोजन करने से इनकार किया, तो उनके साथ मारपीट कर उन्हें मौके से भगा दिया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए धनबाद पुलिस ने गिरोह की महिलाओं समेत 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान से बुलाया धनबाद, पहले कराई खरीदारी फिर रचाया शादी का नाटक
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मुख्यालय-01 कुमार विनोद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 7 सितंबर की देर शाम की है। राजस्थान निवासी पीड़ित रमेश नट ने बरवाअड्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार, सपना नाम की एक महिला ने बीते 3 सितंबर को फोन पर रमेश नट से संपर्क साधा था और उनके भतीजे इकबाल की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीरें भेजी थीं। रिश्ता तय होने की बात कहकर रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचे। यहां गिरोह के सदस्यों ने पहले तो शादी की तैयारी के नाम पर पीड़ित परिवार से महंगे कपड़े व गहने खरीदवाए और फिर एक गांव में ले जाकर युवती की मांग में सिंदूर भरवाकर शादी संपन्न होने का ढोंग रचाया।
घर जाने से मना किया तो की बेरहमी से पिटाई
फर्जी शादी का नाटक पूरा होने के बाद आरोपियों ने लड़के वालों से अपने घर चलकर खाना खाने का दबाव बनाया। जब लड़के वालों ने वहां जाने से इनकार कर दिया, तो गिरोह के सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने बरवाअड्डा थाना पहुंचकर पूरे वाकये की जानकारी पुलिस को दी।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए गिरोह के 10 सदस्य, गहने व कपड़े बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शादी के नाम पर खरीदे गए कपड़े और गहने भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने पहले भी कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









