68 बच्चों की जिंदगी खतरे में! कभी भी गिर सकती है स्कूल की छत, बाल-बाल बचे प्रधानाध्यापक
बांका के अमरपुर स्थित मंझगांय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत से सोमवार को बड़ा हिस्सा गिर गया। प्रधानाध्यापक बाल-बाल बच गए।


बांका: अमरपुर प्रखंड की विशनपुर पंचायत स्थित मंझगांय प्राथमिक विद्यालय में जर्जर भवन अब बच्चों और शिक्षकों के लिए खतरा बन गया है। स्कूल की छत से आए दिन प्लास्टर और कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं। सोमवार को छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पासवान उसकी चपेट में नहीं आए और बाल-बाल बच गए।
विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक कुल 68 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इन बच्चों के लिए स्कूल में महज दो कमरे हैं। जर्जर भवन के बीच बच्चों की पढ़ाई कराना स्कूल प्रबंधन के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। बारिश के दिनों में परिसर में जलजमाव की समस्या भी परेशानी बढ़ा देती है।
28 डिसमल जमीन, फिर भी नहीं बना नया भवन
विद्यालय समिति के अध्यक्ष के अनुसार, स्कूल के पास करीब 28 डिसमल जमीन उपलब्ध है, इसके बावजूद अब तक नए भवन का निर्माण नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से स्कूल भवन की स्थिति खराब है और छत से प्लास्टर व कंक्रीट गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
सोमवार को छत का बड़ा हिस्सा गिरने की घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय विभाग को तत्काल जर्जर भवन की समस्या का समाधान करना चाहिए।
स्कूल परिसर में ग्रामीणों का प्रदर्शन
समस्या के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को विद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द नए भवन का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी बीईओ राहुल कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्कूल की स्थिति का जायजा लिया गया है और निरीक्षण की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।
अब ग्रामीणों की नजर विभागीय कार्रवाई पर है। लोगों की मांग है कि जर्जर भवन को जल्द सुरक्षित कराया जाए और उपलब्ध जमीन पर नया विद्यालय भवन बनाया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

‘चीनी मिल की जमीन बिक चुकी है, अब कहां से आएगी?’ प्रशांत किशोर ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

MLC चुनाव में किस्मत आजमाएगी जन सुराज, सभी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान







