चाईबासा में किंडर जॉय, चोको पाई और रिफाइंड तेल पर गिरी गाज, प्रशासन ने दुकानों से तुरंत हटाने का दिया फरमान
चाईबासा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक जांच में किन्डर जॉय, लोट्टे चोको पाई, स्टोरिया जूस और इमामी सोयाबीन ऑयल के अमानक लेबलिंग वाले उत्पाद पकड़े। दुकानदारों को नोटिस देकर सामान हटाने का आदेश दिया गया।

Chaibasa; चाईबासा के बाजारों में बिक रहे खाने-पीने के सामान की क्वालिटी और नियमों की अनदेखी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम की अगुवाई में टीम ने शहर के कई थोक और खुदरा किराना प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में रखे पैकेटबंद सामान, उनकी एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग के तौर-तरीके और उन पर छपी जानकारियों की बारीकी से पड़ताल की गई।
FSSAI की रडार पर आए चार बड़े ब्रांड्स
जांच अभियान के दौरान सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा जारी 115 अमानक उत्पादों की लिस्ट से दुकानों के स्टॉक का मिलान किया गया। इस पड़ताल में चार ऐसे मशहूर प्रोडक्ट्स पकड़े गए, जिनकी लेबलिंग और पैकिंग नियमों के खिलाफ पाई गई। इनमें बच्चों का पसंदीदा किन्डर जॉय, लोट्टे चोको पाई, स्टोरिया जूस और इमामी हेल्दी एंड टेस्टी रिफाइंड सोयाबीन ऑयल शामिल हैं।
दुकानों से तत्काल सामान हटाने का कड़ा आदेश
अमानक लेबलिंग वाले इन चारों बड़े ब्रांड्स के उत्पाद सामने आते ही विभाग ने कड़ा एक्शन लिया। संबंधित दुकानदारों और थोक विक्रेताओं को तुरंत नोटिस थमाते हुए इन सभी उत्पादों को अपनी दुकानों और गोदामों से फौरन हटाने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर ये उत्पाद दोबारा बिक्री के लिए रखे पाए गए, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झूठे दावों और बिना लाइसेंस कारोबार पर चेतावनी
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने शहर के सभी खाद्य कारोबारियों को दो टूक चेतावनी दी है कि बिना वैध फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के कोई भी दुकान संचालित न की जाए। उन्होंने कहा कि पैकेट पर ऐसी कोई भ्रामक जानकारी या बढ़ा-चढ़ाकर किए गए दावे नहीं होने चाहिए जो ग्राहकों को गुमराह करें। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









