आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वाटर कैनन के प्रयोग की झारखंड क्रांति मंच ने की निंदा
झारखंड क्रांति मंच के अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि आंदोलन को आक्रामक या हिंसक बनाने में संघ और भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही है,

Palamu । जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने और परीक्षाओं को रद्द करने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को झारखंड क्रांति मंच ने कड़ी निंदा की है।
झारखंड क्रांति मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, अश्रुगैस के गोले दागने और वाटर कैनन के इस्तेमाल की कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार हो या झारखंड की इंडिया गठबंधन सरकार, आंदोलनकारी छात्रों और नौजवानों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन के दिन छात्रों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई से यह स्पष्ट होता है कि सरकार जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल जैसी परीक्षाओं में पारदर्शी नियुक्ति की मांग कर रहे छात्रों के प्रति संवेदनशील नहीं है।
उन्होंने जेपीएससी के निवर्तमान अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नौकरशाह एल. ख्यांगते की सीआईडी द्वारा गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कहा कि इससे जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की गंभीरता का संकेत मिलता है। उन्होंने जेपीएससी के सदस्य डॉ. अनिमा हांसदा, अजिता भट्टाचार्य और डॉ. जमाल अहमद के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। झारखंड क्रांति मंच के अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि आंदोलन को आक्रामक या हिंसक बनाने में संघ और भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही है, तो सरकार को पहले ही छात्रों की मांगों पर विचार कर स्थिति को बिगड़ने से रोकना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा स्थिति जारी रहती है तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी इस्तीफा देना चाहिए। बयान के अंत में उन्होंने 11 अगस्त को भाजपा द्वारा घोषित झारखंड बंद की भी आलोचना की। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का हवाला देते हुए भाजपा पर राजनीतिक दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सदर अस्पताल में भर्ती देवेन्द्र नाथ महतो का खुला खत, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में लातेहार में AJSU का प्रदर्शन, NH-39 किया जाम







