भारत ने रक्षा उत्पादन में बनाया नया रिकॉर्ड, ₹1.78 लाख करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में देश का रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि पांच साल में इसमें 110% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

भारत ने रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में देश का कुल रक्षा उत्पादन बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यह पिछले वित्त वर्ष के 1.54 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 15.6 प्रतिशत अधिक है।
राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसी पहलों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और रक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों के संयुक्त प्रयासों से देश की स्वदेशी रक्षा क्षमता लगातार मजबूत हो रही है।
आंकड़ों के अनुसार, पांच साल पहले यानी वित्त वर्ष 2020-21 में भारत का रक्षा उत्पादन 84,643 करोड़ रुपये था। इसके मुकाबले मौजूदा उत्पादन में करीब 110 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं 2013-14 के 43,746 करोड़ रुपये के स्तर से तुलना करें तो रक्षा उत्पादन लगभग चार गुना बढ़ चुका है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस साल कुल उत्पादन में सरकारी रक्षा कंपनियों और अन्य सार्वजनिक इकाइयों की हिस्सेदारी करीब 76 प्रतिशत रही, जबकि निजी क्षेत्र का योगदान बढ़कर 24 प्रतिशत तक पहुंच गया। निजी कंपनियों का उत्पादन करीब 42 हजार करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
सरकार का मानना है कि घरेलू निर्माण, निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और रक्षा निर्यात में लगातार बढ़ोतरी के कारण आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र और तेजी से आगे बढ़ेगा। इससे देश की सुरक्षा के साथ रोजगार और निवेश को भी मजबूती मिलेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









