सुदर्शन की शतकीय पारी से INDIA-A का दबदबा
साई सुदर्शन के शानदार शतक और ध्रुव जुरेल-शेख रशीद की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ए ने पहले ही दिन मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली.

गॉल में खेले जा रहे अनौपचारिक टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ए ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ए को दबाव में ला दिया। टीम के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने शानदार शतक जड़ते हुए मेजबान गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली और दिन का खेल खत्म होने तक भारत ए ने चार विकेट के नुकसान पर 333 रन बना लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सुदर्शन और आयुष पांडे ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। इसके बाद सुदर्शन ने अपनी पारी को और संवारते हुए बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव और आकर्षक कवर ड्राइव की मदद से रन बटोरे। उन्होंने 175 गेंदों में 19 चौकों की सहायता से 132 रन की शानदार पारी खेली और प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अपना नौवां शतक पूरा किया।
मध्यक्रम में कप्तान ध्रुव जुरेल और शेख रशीद ने भी जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने नाबाद अर्धशतक जमाकर श्रीलंका ए की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया। दिन की समाप्ति तक जुरेल 68 और शेख रशीद 53 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए थे। पहले दिन के खेल में भारत ए पूरी तरह हावी नजर आया और अब दूसरे दिन टीम की नजरें विशाल स्कोर खड़ा करने पर होंगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









