मानवता फिर हुई शर्मसार: झाड़ियों में फेंका मिला 4 महीने का मासूम, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना मध्यप्रदेश के रायसेन की है, जहां पुलिस को साड़ी से लिपटा मासूम झाड़ियों के बीच मिला. जिसे अस्पताल ले जाया गया, और बताया जा रहा है कि वह बिल्कुल स्वस्थ है.

MP (Raisen): बच्चे के पैदा होने से लेकर कम से कम उसके 5 साल की उम्र तक बड़े यत्नों से सहेजकर रखना होता है. ऐसे में किसी 3-4 महीने के मासूम को झाड़ियों में फेंक देना, बेहद गिरी हुई हरकत करार दिया जाए, तो अनिश्योक्ति नहीं होगी.
मामला मध्य प्रदेश के रायसेन जिले का है. रायसेन के औबेदुल्लागंज से पुलिस को सूचना मिली कि झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दे रही है. डायल 112 की टीम फौरन मौके पर पहुंची, तो पाया कि साड़ी में लिपटा बच्चा झाड़ियों में पड़ा है. भोपाल-बैतूल हाइवे के किनारे से बच्चे को पुलिस ने बरामद किया.
पुलिस अधिकारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि बच्चे को सबसे पहले जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. बताया जा रहा है कि बच्चा बिल्कुल स्वस्थ है. पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि बच्चा पीले रंग की एक साड़ी में लिपटा, रोता हुआ मिला था. वहीं राह चलते लोगों ने उसकी आवाज सुनी और सूचना पुलिस को दी.
खबर लिखे जाने तक बच्चे के माता-पिता और उसके साथ हुई इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली हरकत करने वालों का पता नहीं चल सका है. वहीं मासूम को सुरक्षित देखभाल के लिए भोपाल के चूनापट्टी स्थित किलकारी शिशु गृह भेज दिया गया है. साथ ही मामले की संपूर्ण जांच के लिए पुलिस द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
रिपोर्ट: प्रशांत चौहान
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुंह बोली बेटी निकली अपनी मां की कातिल, कब्र से निकाली गई महिला की लाश

फूड पॉइजनिंग मामले में पुलिस ने गोलगप्पा दुकानदार को भेजा जेल, गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज







