जहानाबाद में चार दिवसीय जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ, अपनी प्रतिभा दिखा रहे खिलाड़ी
खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, क्रिकेट, शॉटपुट, 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ जैसे कई खेलों का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें जिलेभर के प्रतिभागी खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.

बरूण कुमार / Naxatra News Hindi
Jehanabad: बिहार के जहानाबाद जिले में 4 दिवसीय जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ बुधवार (8 अक्टूबर 2025) से हो गया है. जिसमें जिले के अलग-अलग विभिन्न विद्यालयों के सैंकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं. यह खेल प्रतियोगिता बिहार खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जहानाबाद जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया जा रहा है.
बता दें, इस खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन जहानाबाद के डीडीसी और जिले के समर्थ अधिकारी द्वारा किया गया. इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, खेल प्रशिक्षक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.
चार दिनों तक चलने वाले जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, क्रिकेट, शॉटपुट, 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है. जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के खिलाड़ी इसमें अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. बच्चों के जोश और उत्साह ने मैदान में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम के उद्घाटन दौरान बच्चों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है. यह केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सिखाता है. विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि वे पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ें, क्योंकि आज के समय में खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर करियर और राष्ट्रीय पहचान के अवसर उपलब्ध हैं.
मौके पर जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी और उन्हें राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन करने का मंच है.
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. गांधी मैदान में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता ने पूरे जिले में उत्साह का वातावरण बना दिया है. बच्चों के जोश, अभिभावकों की उपस्थिति और दर्शकों की तालियों से पूरा मैदान गूंज उठा. प्रतियोगिता के सफल आयोजन से यह स्पष्ट हो गया है कि जिला प्रशासन और खेल विभाग जहानाबाद में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को स्वस्थ एवं ऊर्जावान भविष्य की दिशा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

FIFA WORLD CUP 2026: लियोनेल मेसी सहित पूरी अर्जेंटीना टीम का पासपोर्ट डेटा हुआ लीक; सुरक्षा में हुई बड़ी चूक

अभ्यास मैच में ऋचा की पारी बेअसर, इंग्लैंड को मिली जीत







