1000 छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस ले सरकार, वरना होगा बड़ा आंदोलन, मुख्य सचिव से मिले भाजपा नेता, CBI जांच की मांग
झारखंड भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात कर एक अहम ज्ञापन सौंपा।


Ranchi: झारखंड भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव से मुलाकात कर एक अहम ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने हालिया छात्र आंदोलन के दौरान 1000 से अधिक छात्रों पर दर्ज की गई FIR को तुरंत वापस लेने और राज्य में हुए भर्ती परीक्षा घोटालों की सीबीआई (CBI) से निष्पक्ष जांच कराने की अनुशंसा करने की मांग की। भाजपा ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए और निष्पक्ष जांच नहीं कराई, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
CID जांच पर भरोसा नहीं, JPSC सदस्यों की भूमिका पर उठाए सवाल
मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी की चार प्रमुख मांगें सामने रखीं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे 1000 से अधिक छात्रों पर दुर्भावना से मुकदमे दर्ज किए हैं, जिन्हें बिना शर्त वापस लिया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को सीआईडी (CID) जांच पर बिल्कुल भरोसा नहीं है, क्योंकि जेपीएससी चेयरमैन तो जेल जाते हैं, लेकिन आयोग के बाकी सदस्य खुलेआम बाहर घूम रहे हैं। पार्टी ने मांग की है कि गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार आयोग के अध्यक्ष और सभी सदस्यों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
छात्रों पर हमला करने वाले सत्ताधारी कार्यकर्ताओं पर भी कार्रवाई की मांग
आदित्य साहु ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों के साथ सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं ने मारपीट और हिंसा की। सरकार को हिंसा करने वाले उन कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान छात्रों ने न तो कोई गाली-गलौज की और न ही कोई उपद्रव किया, फिर भी उनके भविष्य को बर्बाद करने की नीयत से उन पर मुकदमे लाद दिए गए।
छह साल से नौकरियों में चल रहा खेल, छात्रों के हक में लड़ेगी भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पिछले छह वर्षों के दौरान सरकारी नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर घोटाले और पैसों का लेन-देन हुआ है। राज्य के युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाकर झारखंड को बर्बादी की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं और छात्रों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी और सरकार को छात्रों पर थोपे गए फर्जी मुकदमों को तुरंत वापस लेना ही होगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में राधा स्वामी संगठन फर्जीवाड़े में मास्टरमाइंड की पत्नी और दो मैनेजर गिरफ्तार, थाने के बाहर हंगामा

लवकुश शर्मा की तलाश में SIT की ताबड़तोड़ छापेमारी, 10 संदिग्ध हिरासत में!







