गिरिडीहः युवक को दो अज्ञात लोगों ने जबरन खिलाया टैबलेट, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गिरिडीह में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. युवक ने मौत से पहले तड़तते हुए बताया कि उसे किसी दो अज्ञात लोगों ने टैबलेट खिलाया है.

Giridih /Jharkhand (Report By- Manoj Kumar Pintu): गिरिडीह के जमुआ थाना इलाके के धर्मपुर पंचायत अंतर्गत पाराखारो गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, श्रीकांत घर से करीब 500 मीटर दूर आम बगान के पास संदिग्ध हालत में पड़ा मिला. पशु चराने जा रही गांव की दो महिलाओं ने उसे जमीन पर तड़पते और कराहते देखा. महिलाओं के अनुसार, श्रीकांत ने तड़पते हुए बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन टैबलेट खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. उसने घरवालों को बुलाने की बात कही.
घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा उसे तुरंत वाहन से लेकर जमुआ अस्पताल पहुंचे. जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. परिजन सहित ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है. जमुआ पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पायेगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

धुर्वा डैम में युवक ने देर रात लगायी थी छलांग, तक़रीबन 14 घंटे बाद मिला शव

अचानक बिगड़ी वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की तबीयत; सेंटेविटा हॉस्पिटल में भर्ती, मिलने पहुंचे CM हेमंत







