गिरिडीह : 'ससुराल में कुछ पक रहा है!', चाची को फोन कर जताई थी अनहोनी की आशंका, सुबह कमरे में पड़ी मिली 19 साल की राखी की लाश
गिरिडीह जिले के धनवार क्षेत्र अंतर्गत हरिनमरवा गांव में गुरुवार को 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

Giridih: गिरिडीह जिले के धनवार क्षेत्र अंतर्गत हरिनमरवा गांव में गुरुवार को 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाली बदडीहा (रेम्बा) निवासी सुखदेव यादव की बेटी राखी कुमारी के रूप में हुई है। इसी साल अप्रैल महीने में राखी की शादी बड़े धूमधाम से हरिनमरवा गांव के रहने वाले बबलु यादव के साथ हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद ही अचानक उसकी मौत की खबर से मायके में कोहराम मच गया है। घटना के बाद से ही मृतका के पति समेत पूरे ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार बताए जा रहे हैं।
'मुझे बहुत डर लग रहा है...' शाम को फोन पर छलका था दर्द
मृतका की चाची ने घटना की खौफनाक दास्तान बयां करते हुए बताया कि गुरुवार शाम करीब चार बजे उनकी राखी से फोन पर लंबी बात हुई थी। बातचीत के दौरान राखी काफी घबराई हुई लग रही थी। उसने बताया था कि ससुराल में कुछ लोग किसी बात को लेकर आपस में खिचड़ी पका रहे हैं और उसे किसी अनहोनी का बहुत डर लग रहा है। चाची ने जब रात करीब नौ बजे दोबारा राखी का हालचाल लेने के लिए उसके नंबर पर कॉल किया, तो फोन रिसीव नहीं हुआ। पूरी रात परिजन किसी अनहोनी की आशंका में तड़पते रहे।
घर का कीमती सामान लेकर चंपत हुए ससुराल वाले
शुक्रवार सुबह धनवार की पुलिस के जरिए परिजनों को राखी की मौत की खबर मिली। सूचना मिलते ही जब रोते-बिलखते परिजन हरिनमरवा गांव पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। राखी का शव बेसुध पड़ा हुआ था और घर के सारे सदस्य वहां से नदारद थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल के लोग घर का सारा कीमती सामान समेटकर फरार हो गए हैं। मृतका के पिता और परिजनों ने राखी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई है और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
धनवार पुलिस ने शव को Post-Mortem के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद धनवार पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर Post-Mortem के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि Post-Mortem रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के असली कारणों की गुत्थी Post-Mortem रिपोर्ट आने के बाद ही सुलझ सकेगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Video! : रांची में JPSC-JSSC विरोध प्रदर्शन के दौरान बवाल, पुलिस ने युवक को पकड़ा
जमशेदपुर में वाहन चोरी का खुलासा, चोरी की बाइक और ऑटो के साथ आरोपी गिरफ्तार







