Giridih: गिरिडीह में 2 आटा चक्की मील पर खाद्य विभाग की गाज गिरी है. मामला जिले के डुमरी अनुमंडल के इसरी बाजार का है जहां 2 आटा चक्की पर अनियमितता की शिकायत पर खाद्य विभाग के पदाधिकारियों ने छापेमारी की. मौके पर पदाधिकारियों ने दोनों आटा चक्की में तैयार किए गए खाद्य सामाग्रियों का सैंपल लिया और उसे जांच के लिए रांची स्थित प्रयोगशाला भेजा. 
विभाग ने दोनों मील के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनपर 10-10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है. इधर, इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए फूड सेफ्टी ऑफिसर राजा कुमार ने बताया कि दोनों आटा चक्की मील से बड़ी मात्रा में मिलावटी सामग्रियां जब्त की गई है. इन दोनों द्वारा खाद्य लाइसेंस भी नहीं बनवाया गया है. छापेमारी के दौरान टीम द्वारा मिलावटी रंग, सत्तू और बेसन के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु रांची प्रयोगशाला भेजा गया है.
पैकेजिंग और लेवल संबंधित गंभीर अनियमितता का भी खुलासा हुआ है जिसमें ना तो निर्माण तिथि और ना ही एक्सपायरी डेट अंकित है खाद्य सामग्री संबंधित पूरा विवरण भी नहीं है. फूड सेफ्टी ऑफिसर राजा कुमार ने आगे बताया कि डुमरी अनुमंडल पदाधिकारी को लगातार दोनों आटा चक्की में खाद्य सामग्रियों की अनियमितता को लेकर शिकायत मिल रही थी जिसके बाद विभाग की तरफ से यह कार्रवाई की गई. 
उन्होंने बताया कि जमुना साव के आटा चक्की जांच में बिना लाइसेंस संचालन का मामला सामने आया है. जहां से 106 किलो हल्दी पाउडर, 50 किलो खुदड़ी चावल, 15 किलो पीला रंग और 10 किलो ऑरेंज रंग बरामद किया गया. सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
अब देखना होगा कि जांच के बाद इन दोनों आटा चक्की मील के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई क्या होती है अगर वास्तविकता में ऐसे मीलों के खिलाफ प्रशासन कठोर कार्रवाई नहीं करेगी तो आने वाले दिनों ये दोनों आटा चक्की मील से इसरी बाजार में मिलावटी सामग्रियों का बाजार हमेशा गर्म रहेगा और लोगों को मिलावटी सामान जैसे- जहर खाने को मजबूर होना पड़ेगा.
रिपोर्ट- मनोज कुमार पिंटू









