बाबा बैद्यनाथ धाम में दूसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब
देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रावणी मेले की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 4 बजे पट खुले और देर शाम तक चार लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान है।

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। अहले सुबह से ही बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। सुबह होते-होते पूरा मंदिर परिसर और रूट लाइन बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
भारी भीड़ को देखते हुए सुबह 4 बजे खुले बाबा के पट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह का पट सुबह 4 बजे ही खोल दिया गया। पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती रही।
सुबह 7 बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
रविवार देर रात से रूट लाइन में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। प्रशासन के अनुसार सुबह 7 बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने का अनुमान है।
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम जलाभिषेक कराने के लिए रूट लाइन और मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है।
DC-SP समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
दूसरी सोमवारी को लेकर देवघर के DC सौरभ कुमार भुवानिया, SP, SDM, नगर आयुक्त समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी सुबह से ही मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने खुद मंदिर परिसर और रूट लाइन का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
DC सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि जिला प्रशासन ने बिहार और सुल्तानगंज की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर पहले से तैयारी की थी। सुबह से उमड़ी भीड़ को देखते हुए अनुमान है कि देर शाम तक श्रद्धालुओं की संख्या 4 लाख के पार पहुंच सकती है।
उन्होंने बताया कि पहली सोमवारी की तुलना में दूसरी सोमवारी पर करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के बढ़ने की संभावना है।
भीड़ के बावजूद भक्तों में नहीं कम हुआ उत्साह
बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि भीड़ की वजह से कुछ परेशानियां जरूर हो रही हैं, लेकिन बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालुओं ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

देश की सुरक्षा के साथ मानव सेवा भी, लातेहार में SSB जवानों ने स्वतंत्रता दिवस पर किया रक्तदान

रांची में 15 अगस्त के दिन चिकन-मटन की बिक्री पर पूरी तरह रोक, नियम तोड़ा तो...







