पहले कमरे की कुंडी लगाई, फिर छत पर खून से लथपथ मिले पति-पत्नी
अपराधियों ने वारदात से पहले परिजनों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। मृतका के बेटे ने एक संदिग्ध को छत से उतरते देखा, लेकिन टॉर्च की तेज रोशनी के कारण उसकी पहचान नहीं कर सका।


रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा इलाके में सोमवार की देर रात सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। बेदा बस स्टैंड से पश्चिम, सड़क के उत्तर तरफ नहर के समीप घर की छत पर सो रहे दंपती की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय ननकी देवी और उनके पति 45 वर्षीय मणि भूषण कुमार के रूप में हुई है। मणि भूषण कुमार मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
पहले लिव-इन में रहे, बाद में की थी शादी
जानकारी के अनुसार ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की करीब पांच साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद ननकी देवी और मणि भूषण कुमार बेदा मोड़ के पास वेज कॉर्नर नाम से भोजनालय चलाते थे।
बताया जा रहा है कि दोनों काफी समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और बाद में विधिवत शादी कर ली थी। ननकी देवी के चार बच्चे हैं। इनमें दो बेटे अभिषेक कुमार और सन्नी कुमार हैं, जबकि दो बेटियां हैं। इनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है और दूसरी अविवाहित है।
बेटे ने देखा संदिग्ध, आंखों पर टॉर्च चमकाकर भागे अपराधी
मृतका के बेटे अभिषेक कुमार के मुताबिक वारदात देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। उसने बताया कि अचानक छत से तेज आवाज सुनाई दी। जब उसने कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी।
अभिषेक ने बताया कि इसी दौरान उसने किसी व्यक्ति को छत से नीचे उतरते देखा। हालांकि, उस व्यक्ति ने उसकी आंखों पर तेज रोशनी वाली टॉर्च चमका दी, जिससे अंधेरे में वह उसे पहचान नहीं सका।
शोर मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोला। इसके बाद लोग छत पर गए तो ननकी देवी और मणि भूषण कुमार वहां मृत मिले। दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी।
परिजनों को कमरे में बंद कर दिया था
रोहतास एसपी मिस्टर राज ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात अपराधियों ने वारदात से पहले परिजनों के कमरे के दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया था। इसके बाद अपराधी छत पर पहुंचे और दंपती को गोली मारकर फरार हो गए।
एसपी के मुताबिक मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। एसपी ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









