मार्च तक रांची-लोहरदगा रेल मार्ग पर एक्सप्रेस ट्रेनों का नहीं होगा परिचालन, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू
कोयल नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 115 के पिलर नंबर 4 और 5 में दरार पाए जाने के बाद सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

JHARKHAND (LOHARDAGA): रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन पर यात्रियों को फिलहाल एक्सप्रेस ट्रेनों की सुविधा नहीं मिल पाएगी. कोयल नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज संख्या 115 के पिलर नंबर 4 और 5 में दरार पाए जाने के बाद सुरक्षा कारणों से इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. रेलवे प्रशासन के अनुसार, पुल की मरम्मत और तकनीकी जांच पूरी होने तक मार्च महीने तक इस रूट पर एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन नहीं होगा.
रेलवे ने तत्काल लागू की वैकल्पिक व्यवस्था, पैसेंजर ट्रेनों का सीमित परिचालन शुरू
हालांकि, यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए रेलवे ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है. इसके तहत लोहरदगा से टोरी के बीच पैसेंजर ट्रेनों का सीमित परिचालन शुरू किया गया है. नई व्यवस्था के अनुसार, लोहरदगा से टोरी के लिए दो फेरे में पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएगी, वहीं टोरी से लोहरदगा के लिए भी दो फेरे में ट्रेन का संचालन होगा. इससे स्थानीय यात्रियों, छात्रों और दैनिक आवागमन करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा रांची से इरगांव स्टेशन और इरगांव स्टेशन से रांची के बीच कुल आठ फेरे में पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. रेलवे प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि लंबी दूरी की ट्रेनों के बंद रहने से यात्रियों पर ज्यादा असर न पड़े.
सीनियर डिवीजन कमर्शियल मैनेजर कर रहीं व्यवस्था की निगरानी
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए इरगांव स्टेशन से बस सेवा की भी शुरुआत कर दी गई है, जो आज से लागू हो गई है. स्टेशन पर यात्रियों के लिए टिकट, जानकारी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. इन सभी व्यवस्थाओं की निगरानी खुद सीनियर डिवीजन कमर्शियल मैनेजर रांची, सूची सिंह कर रही हैं.
रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और पुल की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जा सके.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

28 अप्रैल को बीजेपी निकालेगी मशाल जुलूस, महिला आरक्षण बिल का मुद्दा गूंजेगा

राज्यसभा चुनाव से पहले झारखंड कांग्रेस का सरेंडर!







