झारखंड में आज लॉन्च होगा ई-कोर्ट मोबाइल ऐप 4.0, न्यायिक सेवाओं में डिजिटल अपग्रेड
झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश पर राज्यभर में लागू होगा नया वर्जन, केस स्टेटस से सीधे आदेश और फैसलों की PDF डाउनलोड सुविधा

Ranchi- झारखंड में न्यायिक सेवाओं को और अधिक आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आज एक अहम कदम उठाया जाएगा। राज्य में ई-कोर्ट मोबाइल ऐप का नया संस्करण 4.0 आज लॉन्च होने जा रहा है। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और लॉन्च के बाद इसे राज्यभर की अदालतों में लागू किया जाएगा।
झारखंड हाई कोर्ट के निर्देश पर इस नए वर्जन को लागू किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों, वकीलों और वादियों को अपने मामलों की जानकारी आसानी से मोबाइल पर उपलब्ध हो सके।
ई-कोर्ट मोबाइल ऐप 4.0 में कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुधार किए गए हैं। नए संस्करण में केस स्टेटस सेक्शन को और अधिक सक्षम बनाया गया है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता सीधे अपने मामले से संबंधित आदेश और निर्णय की PDF डाउनलोड कर सकेंगे। इससे अदालतों में दस्तावेज लेने के लिए बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
इसके अलावा, ऐप के इंटरफेस को पहले की तुलना में अधिक सरल और यूजर फ्रेंडली बनाया गया है। परफॉर्मेंस में सुधार किया गया है ताकि अधिक डेटा होने के बावजूद ऐप तेज गति से काम कर सके।
एक और खास फीचर के तौर पर भूवन मैप्स का इंटीग्रेशन जोड़ा गया है। इससे लोग अपने संबंधित कोर्ट परिसर की लोकेशन मोबाइल पर आसानी से देख सकेंगे और वहां तक पहुंचने का मार्ग जान सकेंगे।
हाई कोर्ट की ओर से निर्देश दिया गया है कि ऐप के लॉन्च के बाद जिला स्तर पर भी इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। ई-सेवा केंद्रों और न्यायालय परिसरों में सूचना प्रदर्शित करने की तैयारी की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठा सकें।
आज के लॉन्च के साथ झारखंड की न्यायिक प्रणाली एक और कदम डिजिटल सशक्तिकरण की ओर बढ़ाएगी, जिससे न्याय तक पहुंच और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनने की उम्मीद है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमुआ में किशोर के अपहरण का दुस्साहस: बोरे में बंद कर ले जा रहे थे अपराधी, शोर मचाने पर भाग निकले

"सड़क नहीं, तालाब है ये!" - गोड्डा के कृष्ण टोला में विकास के दावों की खुली पोल







