एसडीओ की कार्रवाई से बदला गया वर्षों से लटक रहा मौत का 440 वोल्ट तार, शिल्दा खुर्द के ग्रामीणों को मिली राहत
पप्पू यादव ने छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो को लिखित आवेदन देकर शिल्दा खुर्द गांव की स्थिति से अवगत कराया और जर्जर पोल एवं तार को तत्काल बदलवाने की मांग की।

Palamu... News । पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत खैरादोहर पंचायत के शिल्दा खुर्द गांव में वर्षों से जर्जर और जमीन के करीब लटक रहे 440 वोल्ट के एलटी तार एवं बिजली पोल को आखिरकार बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जर्जर तार और पोल के कारण ग्रामीणों के बीच लगातार हादसे की आशंका बनी हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, भगवती सिंह के घर से जागेश्वर साव के घर तक जाने वाला 440 वोल्ट का एलटी तार लंबे समय से जर्जर हालत में था। कई स्थानों पर तार जमीन के काफी करीब लटक रहा था, जबकि बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त होकर कभी भी गिरने की स्थिति में थे। बरसात के मौसम में करंट लगने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी। सबसे चिंता की बात यह थी कि छोटे-छोटे बच्चे इसी रास्ते से होकर आंगनवाड़ी केंद्र जाने को मजबूर थे। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से जर्जर पोल और तार बदलने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनहित में पहल की। 26 जून 2026 को पप्पू यादव ने छतरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी गणेश महतो को लिखित आवेदन देकर शिल्दा खुर्द गांव की स्थिति से अवगत कराया और जर्जर पोल एवं तार को तत्काल बदलवाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ गणेश महतो ने बिजली विभाग के संबंधित वरीय पदाधिकारियों को जर्जर पोल और तार को अविलंब बदलने का निर्देश दिया। इसके बाद गांव में पोल और तार बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया। कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से बनी इस गंभीर समस्या का समाधान होने से अब उन्हें संभावित हादसे का डर नहीं रहेगा। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव और एसडीओ गणेश महतो के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर पोल और तार नहीं बदले जाते तो बरसात के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts







