गणेश पूजा से छठ तक रांची में सुरक्षा का पूरा प्लान, पंडाल से विसर्जन तक प्रशासन अलर्ट
रांची में गणेश पूजा से छठ और काली पूजा तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। पंडाल, बिजली, अग्नि सुरक्षा, विसर्जन, ट्रैफिक और घाटों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

Ranchi News; रांची में आने वाले पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई, विसर्जन और लोगों की सुविधा को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ नगर निगम, बिजली, अग्निशमन समेत दूसरे विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। DC ने साफ कहा कि त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएं, लेकिन लोगों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
पंडाल में एक गलती भी पड़ सकती है भारी
पूजा पंडालों के निर्माण को लेकर प्रशासन ने खास सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पंडाल में आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह, इमरजेंसी एग्जिट और सुरक्षित रास्ते रखने होंगे। अग्निशमन विभाग को प्रमुख पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की जांच करने को कहा गया है।
सबसे अहम निर्देश बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या दूसरी विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल और तोरण द्वार नहीं बनाने को लेकर दिया गया है। बिजली विभाग को पूजा समितियों के साथ मिलकर इसका पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
खुले तार और लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पंडालों में सजावट और रोशनी के लिए नंगे तारों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। खुले या असुरक्षित तारों को हटाने और पूरी वायरिंग सुरक्षित तरीके से करने का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों को जरूरत के मुताबिक बिजली विभाग से निर्धारित प्रक्रिया के तहत कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने को कहा गया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों को भी लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। कहीं सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिलता है तो तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि शॉर्ट सर्किट या करंट लगने जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
विसर्जन में वाहन और चालक दोनों की जांच
विसर्जन के दौरान भीड़ और ट्रैफिक को संभालने पर भी प्रशासन का खास फोकस रहेगा। पूजा समितियों को संबंधित थाना और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय कर पहले से तय रूट से ही विसर्जन करने को कहा गया है।
विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की MVI से जांच कराई जाएगी। वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी देखा जाएगा और नो-एल्कोहोल टेस्ट कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए पूजा समितियों से जरूरी अंडरटेकिंग लेने को भी कहा गया है।
करम पर्व और छठ घाटों पर खास इंतजाम
करम पर्व को देखते हुए तालाबों और पूजा स्थलों का पहले से निरीक्षण करने को कहा गया है। नगर निगम को साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षित रास्ते और जरूरत पड़ने पर क्रेन की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। करमा समितियों के साथ बैठक कर उनकी जरूरतों और प्रशासन की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की सूची तैयार करने को भी कहा गया है।
वहीं छठ पर्व को लेकर सभी तालाबों और घाटों की समय पर सफाई, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित पहुंच मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन घाटों पर ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना है, वहां सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पहले से मजबूत करने को कहा गया है।
दीपावली में पटाखों पर भी रहेगी नजर
दीपावली के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक यातायात को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। पटाखों को लेकर तय गाइडलाइंस का पालन कराने और प्रतिबंधित या असुरक्षित पटाखों की बिक्री व इस्तेमाल पर नजर रखने को कहा गया है।
इसके अलावा त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित जांच और जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
युवाओं को जोड़ने और सूचना साझा करने पर जोर
DC ने पूजा समितियों से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को जोड़ने की अपील की है, ताकि भीड़ और व्यवस्था संभालने में बेहतर सहयोग मिल सके। प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बनाए गए WhatsApp ग्रुप को भी सक्रिय रखने और जरूरी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक में DC मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पंडाल निर्माण, बिजली व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा या विसर्जन के दौरान नियमों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को आयोजन से पहले स्थल निरीक्षण और जरूरी संसाधनों की जांच पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा समितियों, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के साथ सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओमान से झारखंड आएंगी कैंसर की आधुनिक दवाएं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान

महिला किसानों के लिए हेमंत सरकार का बड़ा प्लान, 1 एकड़ में समेकित खेती, सालभर कमाई के लिए आ रही नई योजना







