CM योगी आज पहुंचेंगे वाराणसी, परियोजनाओं की समीक्षा और जनकल्याण महाकुंभ में होंगे शामिल
दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे, जनकल्याण कार्यक्रम में शामिल होंगे और बीएचयू की महत्वपूर्ण परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वह शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचेंगे और वहां से सर्किट हाउस जाकर लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं तथा प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। यहां योगी विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन करेंगे, लाभार्थियों को स्वीकृति एवं प्रमाण पत्र वितरित करेंगे और चिकित्सा शिविर का शुभारंभ करने के बाद लोगों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, कौशल विकास समेत कई विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ और स्थानीय पारंपरिक उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री शाम को श्री कालभैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन भी करेंगे। शनिवार सुबह वह बीएचयू में निर्माणाधीन नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन में हिस्सा लेने के बाद हेलीकॉप्टर से आजमगढ़ के लिए रवाना होंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









