गिरिडीह में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नाली के ऊपर बने अवैध ठेले-दुकानें निगम ने हटाईं
गिरिडीह नगर निगम ने शनिवार को शहर के व्यस्त काली बाड़ी चौक और आसपास के इलाके को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया।
Giridih: गिरिडीह नगर निगम ने शनिवार को शहर के व्यस्त काली बाड़ी चौक और आसपास के इलाके को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत बीबीसी रोड मोड़ के पास नाली के ऊपर अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और ठेलों को जेसीबी (पीला पंजा) चलाकर पूरी तरह से हटा दिया गया। हालांकि, अभियान की शुरुआत के वक्त सब्जी ठेला दुकानदारों के विरोध के चलते कुछ देर के लिए मौके पर भारी तनाव की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से माहौल को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया।
जमीन की घेराबंदी को लेकर शुरू हुआ था विवाद
मामले की शुरुआत बीबीसी रोड मोड़ के पास स्थित कपड़ा कारोबारी दीपक श्रीवास्तव की जमीन को लेकर हुई। नाली के किनारे उनकी निजी जमीन है, जहां रोजाना सब्जी ठेला लगाने वाले दुकानदार कब्जा जमा लेते थे। मोड़ के पास का एक बड़ा नाला टूटने के कारण रास्ता पहले से बाधित था, जिसे हाल ही में निगम ने दुरुस्त कराकर आवागमन बहाल कराया था। नगर निगम ने कारोबारी को अपनी जमीन सुरक्षित करने का सुझाव दिया था। शनिवार को जब दीपक श्रीवास्तव और उनकी बहन अपनी जमीन की घेराबंदी कराने पहुंचे, तो सब्जी दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात बढ़ गई और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों की मौजूदगी में हटा कब्जा
विवाद और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उग्र हो रहे लोगों को शांत कराकर हालात पर काबू पाया। इसके तुरंत बाद नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ, डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की देखरेख में निगम का पीला पंजा गरजने लगा और मोड़ के समीप नाली के ऊपर किए गए सभी अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। नगर निगम ने दो टूक चेतावनी दी है कि शहर की सड़कों और नालियों पर दोबारा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






