मरीज की मौत के बाद दिया था बाउंस चेक!, देवघर से दबोचा गया फर्जी डॉक्टर नवीन सिन्हा, पुलिस ने भेजा जेल
गिरिडीह नगर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।

Giridih: गिरिडीह नगर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीते तीन महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे तथाकथित एक्यूप्रेशर डॉक्टर नवीन कुमार सिन्हा को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया है। नगर थाना की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी डॉक्टर को देवघर से गिरफ्तार किया। गुरुवार की शाम आरोपी को गिरिडीह नगर थाना लाया गया, जहां बिना कोई वक्त गंवाए कागजी प्रक्रिया पूरी की गई और सीधे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इलाज में लापरवाही से गई थी मरीज की जान
पूरा मामला जून महीने का है, जब राजकुमार पासवान नामक मरीज की इलाज के दौरान संदिग्ध और लापरवाह रवैये के चलते मौत हो गई थी। परिजनों का सीधा आरोप था कि नवीन सिन्हा के गलत इलाज की वजह से मरीज की जान गई। परिजनों के भारी हंगामे और आक्रोश के बाद नगर थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से जुड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
सुलह के लिए थमाया चेक, वो भी निकला फर्जी
एफआईआर दर्ज होने के बाद जब मामला तूल पकड़ने लगा, तो आरोपी डॉक्टर ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए एक नया पैंतरा चला। उसने मामले को रफा-दफा करने और सुलह का झांसा देकर मृतक के परिजनों को मुआवजे के तौर पर कुछ चेक थमा दिए। लेकिन जब परिजनों ने वे चेक बैंक में लगाए, तो वे बाउंस हो गए। चेक बाउंस होते ही डॉक्टर की नीयत साफ हो गई और वह गिरफ्तारी के डर से रातों-रात गिरिडीह छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि नवीन कुमार सिन्हा के पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी और वह एक फर्जी डॉक्टर के रूप में क्लीनिक चला रहा था।
नेताओं से करीबी रिश्ते, थाने पहुंचते ही जेल रवाना
चर्चा है कि आरोपी डॉक्टर नवीन कुमार सिन्हा के कई प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं और रसूखदार लोगों के साथ काफी करीबी संबंध थे। इसी बात को ध्यान में रखते हुए नगर थाना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को पूरी तरह समझा। पुलिस ने किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव या सिफारिश का मौका दिए बिना, थाने लाते ही आनन-फानन में सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और तुरंत उसे अदालत में पेश कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गणेश महोत्सव 2026 में शामिल होंगे CM हेमंत सोरेन, पूजा समितियों ने दिया न्योता

डोरंडा में 1 एकड़ 20 डिसमिल जमीन खाली कराने की तैयारी, 48 घंटे का अल्टीमेटम!







