जमुआ में किशोर के अपहरण का दुस्साहस: बोरे में बंद कर ले जा रहे थे अपराधी, शोर मचाने पर भाग निकले
गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के नारेबाद गांव में मंगलवार को दो बाइक सवार अपराधियों ने 16 वर्षीय सूरज हाजरा का अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता उसे बोरे में बंद कर ले जा रहे थे, लेकिन किशोर के लगातार शोर मचाने और हिम्मत दिखाने के कारण अपराधी उसे परियाणा पुल के पास छोड़कर फरार हो गए।

Giridih, Jharkhand: जिले के जमुआ थाना इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार को नारेबाद गांव में दिनदहाड़े एक 16 वर्षीय किशोर, सूरज हाजरा के अपहरण की कोशिश की गई। अपराधी किशोर को उसके घर के पास से ही अगवा करने में सफल रहे थे, लेकिन किशोर की सूझबूझ और बहादुरी ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि इस अपहरण के पीछे का मकसद क्या था।
बोरे में बंद कर बाइक से ले गए अपराधी
पीड़ित सूरज हाजरा के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे दो की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने उसे घर के पास से पकड़ा और जबरन एक बोरे में बंद कर दिया। अपराधी उसे एक बाइक पर लादकर गिरिडीह-जमुआ रोड की ओर तेजी से भाग निकले। इस दौरान सूरज ने हार नहीं मानी और बोरे के अंदर से ही लगातार चिल्लाना और शोर मचाना शुरू कर दिया।
हंगामा देख परियाणा पुल के पास छोड़ा
किशोर द्वारा लगातार किए जा रहे शोर और पकड़े जाने के डर से घबराए अपहरणकर्ताओं ने उसे परियाणा पुल के समीप बोरे से बाहर निकाला और वहीं छोड़कर फरार हो गए। चंगुल से मुक्त होने के बाद सूरज ने तुरंत अपने भाई बसंत को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे सुरक्षित घर ले आए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
पुलिस की जांच और तलाश
सूरज हाजरा ने स्वयं जमुआ थाना पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई है। जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अपहरण के प्रयास की शिकायत मिली है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

"सड़क नहीं, तालाब है ये!" - गोड्डा के कृष्ण टोला में विकास के दावों की खुली पोल

मोतिहारी में युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ी







