गिरिडीह में वन विभाग पर हमला: अवैध आरा मिल पर चला बुलडोजर, माफियाओं के पथराव में दो फॉरेस्टर घायल
गिरिडीह के गांडेय प्रखंड के लखनपुर गांव में अवैध आरा मिल ध्वस्त करने पहुंची वन विभाग की टीम पर लकड़ी माफियाओं ने पथराव कर दिया. इस हिंसक हमले में फॉरेस्टर रोहित समेत दो कर्मी घायल हो गए. हालांकि, पुलिस की मदद से दोनों अवैध मिलों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया है.

Giridih, Jharkhand: जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में वन भूमि पर संचालित अवैध आरा मिलों के खिलाफ की जा रही बड़ी कार्रवाई के दौरान भारी बवाल हो गया. वन विभाग की टीम पर आरा मिल संचालकों और उनके गुर्गों ने अचानक पथराव कर दिया. इस हिंसक झड़प में वन विभाग के दो फॉरेस्टर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें फॉरेस्टर रोहित भी शामिल हैं. हालांकि, भारी विरोध के बावजूद प्रशासन ने बुलडोजर (पीला पंजा) चलाकर अवैध मिलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
गुप्त सूचना पर पहुंची थी वन विभाग की टीम
जानकारी के अनुसार, डीएफओ (DFO) मनीष तिवारी को लखनपुर गांव में अवैध रूप से आरा मिल संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी. डीएफओ के निर्देश पर सदर रेंजर एस.के. रवि और गांवा रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की एक संयुक्त टीम छापेमारी के लिए गांव पहुंची. टीम ने जैसे ही इम्तियाज अंसारी और सुभान अंसारी के अवैध आरा मिल परिसर में प्रवेश कर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की, वैसे ही मिल संचालक इम्तियाज अंसारी ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर टीम पर पत्थरों से हमला बोल दिया.
पुलिस ने खदेड़ा, माफिया हुए फरार
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दो वनकर्मी चोटिल हो गए. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस तुरंत अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पथराव कर रहे माफियाओं और उनके गुर्गों को मौके से खदेड़ दिया, जिसके बाद इम्तियाज और उसके साथी वहां से भाग निकले. इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों अवैध आरा मिलों को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया गया.
केस दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू
इस दुस्साहसिक घटना के बाद वन विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. सदर रेंजर एस.के. रवि ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, वन भूमि का अतिक्रमण करने और वन कर्मियों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मुख्य आरोपी इम्तियाज अंसारी, सुभान अंसारी और उनके अज्ञात गुर्गों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

RTO का फर्जी चालान भेज उड़ा डाले लाखों रुपए, गिरिडीह पुलिस के हत्थे चढ़ा साइबर अपराधी संदीप मंडल

गिरिडीह के क्रेस्ट केयर हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ विभाग ने कराया कोर्ट परिवाद दायर, फार्म एक को लेकर हुई कार्रवाई







