अमेरिका ओपन: 18 वर्षीय रौनक ने चाउ टिएन को चौंकाया
अमेरिकी ओपन में रौनक का कमाल, दिग्गज चाउ टिएन को बाहर किया.

भारत के युवा शटलर रौनक चौहान ने अमेरिकी ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए सनसनी फैला दी। विश्व रैंकिंग में 80वें स्थान पर मौजूद 18 वर्षीय खिलाड़ी ने पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे के स्टार और दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी चाउ टिएन को 21-17, 26-24 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मुकाबले में रौनक ने दबाव की परिस्थितियों में शानदार संयम दिखाया। पहले गेम में वह पिछड़ रहे थे, लेकिन लगातार अंक जुटाकर बढ़त हासिल की और गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी टिएन ने मजबूत स्थिति बना ली थी, मगर भारतीय खिलाड़ी ने हार नहीं मानी और जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
करीब 49 मिनट तक चले इस संघर्षपूर्ण मैच में रौनक ने चार गेम प्वाइंट बचाए और आखिरकार दूसरे मैच प्वाइंट पर जीत की मुहर लगा दी। अब अंतिम आठ में उनका सामना इजराइल के मिशा जिल्बरमैन से होगा।
महिला एकल वर्ग में तन्वी शर्मा, रक्षिता श्री और देविका सिहाग ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं अनुभवी भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने मलेशिया के ली जी को हराकर भारत के लिए शानदार दिन का अंत किया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









