टाटा रेलवे स्टेशन में खड़ी मालगााड़ी के ऊपर चढ़ा युवक गंभीर रूप से झुलसा, नाजुक स्थिति में चल रहा इलाज
जमशेदपुर में खड़ी मालगाड़ी के ऊपर एक युवक के चढ़ने के दौरान हाई टेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से हादसा हो गया. युवक बुरी तरह झुलस गया है, उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

Jamshedhpur, Jharkhand: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक प्लेटफॉर्म पर पहुंचा और अचानक पास खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया. जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, उसका संपर्क ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से हो गया. संपर्क होते ही तेज धमाके के साथ वह झुलसकर गिर पड़ा. घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे के अन्य कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. वहीं, घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किन परिस्थितियों में मालगाड़ी पर चढ़ा. सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है.
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है.
Report By - Binod Kesri
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जमुआ में किशोर के अपहरण का दुस्साहस: बोरे में बंद कर ले जा रहे थे अपराधी, शोर मचाने पर भाग निकले

"सड़क नहीं, तालाब है ये!" - गोड्डा के कृष्ण टोला में विकास के दावों की खुली पोल







