7 दिन की फिजिकल ट्रेनिंग, फिर असिस्टेंट कमांडेंट का मुकाम! सम्मानित हुए ऋषिकांत
नालंदा के दीपनगर स्थित एसबी फिजिकल एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस पर असिस्टेंट कमांडेंट पद पर चयनित ऋषिकांत कुमार को सम्मानित किया गया। एकेडमी के निदेशक के अनुसार, ऋषिकांत ने यहां करीब एक सप्ताह की शारीरिक ट्रेनिंग ली थी।


नालंदा के दीपनगर स्थित एसबी फिजिकल एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंसूर नगर निवासी और संस्थान से शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त कर असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयनित हुए ऋषिकांत कुमार को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिजली विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर मनीष कान्त, नालंदा के जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार और अभिषेक राज शामिल हुए। अतिथियों ने ऋषिकांत को उनकी सफलता पर बधाई दी और वहां मौजूद अन्य युवाओं को भी लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
सात दिन की ट्रेनिंग ने दिया नया आत्मविश्वास
एकेडमी के निदेशक और एक्स-आर्मी संजीव कुमार ने बताया कि ऋषिकांत ने महज एक सप्ताह की कड़ी शारीरिक ट्रेनिंग में अपनी क्षमता को निखारते हुए यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे छात्र की मेहनत, अनुशासन और संस्थान की ट्रेनिंग का अहम योगदान है। संजीव कुमार ने एकेडमी के मूल मंत्र आप मुझे पसीना दो, मैं आपको वर्दी दूंगा को दोहराते हुए कहा कि भारतीय सेना में सेवा के दौरान उन्हें जो कठोर प्रशिक्षण मिला, उसी अनुभव और अनुशासन के आधार पर वे युवाओं को तैयार कर रहे हैं।
‘फिटनेस के साथ अनुशासन भी जरूरी’
वहीं, डीपीआरओ अजय कुमार ने एकेडमी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ अनुशासन और देशसेवा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा आगे चलकर सेना और प्रशासनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समारोह के दौरान अतिथियों ने युवाओं को सही दिशा, अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर मोटिवेशन के महत्व के बारे में बताया। असिस्टेंट कमांडेंट बने ऋषिकांत के सम्मान समारोह में मौजूद युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना रहा।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









