चतरा में रफ्तार का तांडव: ट्रक ने पिकअप को रौंदा, 5 महीने की मासूम समेत एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर
चतरा के संघरी घाटी के समीप एक ट्रक ने बुरी तरह से पिकअप वैन को अपनी चपेट में ले लिया. जिसमें 5 महीने की बच्ची भी थी, पूरे परिवार के पांच लोग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

Jharkhand (Chatra): चतरा जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन हो रहे सड़क हादसों से जिले की सड़कों पर 'जिंदगियां नीलाम' हो रही हैं. ताजा मामला चतरा-डोभी मुख्य मार्ग की खतरनाक संघरी घाटी से सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने पिकअप वैन को अपनी चपेट में ले लिया.
इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग लहूलुहान हो गए हैं. घटना आज रविवार सुबह करीब 8 बजे की है. जानकारी के अनुसार, पलामू जिले के लेस्लीगंज स्थित राजगढ़ी गांव का रहने वाला एक परिवार बालूमाथ से अपने घर लौट रहा था. जैसे ही उनकी पिकअप वैन संघरी घाटी के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में कमलेश तिवारी, अंशु देवी, रणवीर तिवारी और महज 5 महीने की मासूम आंशिक कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को PCR वैन से सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के डॉ. रमेश ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है, लेकिन चालक संतोष कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चतरा की घाटियों में भारी वाहनों की लापरवाही अब आम लोगों के लिए काल बन गई है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: मो. रिजवान
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड में पेट्रोल की किल्लत से जूझ रहे लोग ! जादूगोड़ा के 5 पेट्रोल पंप ड्राई घोषित

महिला विधेयक की आड़ में परिसीमन का खेल खेलने वाली भाजपा सरकार का फूट चुका है भांडा:कांग्रेस







